झारखंड से बरेली में अफीम खपाने वाली महिला साथी संग गिरफ्तार

बरेली : झारखंड से बरेली में अफीम खपाने वाली महिला साथी संग गिरफ्तार कर ली गई। आरोपितों के पास से छह किलो 80 ग्राम अफीम बरामद की गई है। महिला शांति कुमारी झारखंड के हजारीबाग स्थित बड़कागांव थाने के औखेनी तेली टोला गांव की निवासी है जबकि राहुल सिरौली के अंजनी गांव का रहने वाला है।

उत्तराखंड में भी करती थी सप्लाई
एसटीएफ के अनुसार, जानकारी हुई कि अंतरराज्यीय गिरोह की एक महिला झारखंड से अफीम लाकर बरेली, आस-पास जनपदों व उत्तराखंड तक सप्लाई करती है। झारखंड से लखनऊ होते हुए उत्तराखंड डिपो की बस से उसके आने की जानकारी प्राप्त हुई। तय इनपुट पर मेरठ यूनिट की टीम ने पीछा शुरू किया। महिला को शाहजहांपुर-बरेली हाईवे स्थित सरकड़ा मोड के पास तय नंबर की उत्तराखंड डिपो की बस रोकी।

बैग में ला रही थी अफीम
महिला के बैग की तलाशी ली गई जिसमें पांच किलो 41 ग्राम अफीम बरामद की गई। तत्काल ही उसे हिरासत में लेकर बस रवाना कर दी गई। आरोपित महिला को लेकर टीम फरीदपुर थाने पहुंची। पूछताछ में उसने अपना नाम शांति कुमारी बताया। उसने बताया कि उनका एक गिरोह है जो झारखंड के ही चूरचू गांव निवासी राजू मांझी से एक लाख पांच हजार रुपये किलो के हिसाब से अफीम लेता है, फिर ड़ेढ लाख रुपये में पार्टी तक सप्लाई दी जाती है। राजू अफीम की खेती करता है।

महिला के इनपुट पर ही उसके साथी राहुल को गिरफ्तार किया गया। महिला की सूचना पर वह उससे अफीम लेने पहुंचा था। महिला लंबे समय से बरेली में सक्रिय थी। दोनों आरोपितों के विरुद्ध फरीदपुर थाने में मादक पदार्थों की तस्करी की धारा में प्राथमिकी लिखकर पुलिस ने जेल भेज दिया। मादक पदार्थों की तस्करी से आरोपितों ने काफी संपत्ति बनाई है।

Related Articles

Back to top button