कुंवारी बेगम नामक चैनल चलाने वाली महिला गिरफ्तार

साहिबाबाद। इंटरनेट मीडिया के प्लेटफार्मों पर फॉलोअर व व्यूज बढ़ाकर अधिक पैसे कमाने और फेमस होने की लालच में लोग अश्लीलता परोस रहे हैं। भड़काऊ व विवादित बयान दे रहे हैं। इसकी वजह से हवालात की हवा खा रहे हैं। इससे समाज पर नकारात्मक असर पड़ रहा है।

वहीं, इंटरनेट मीडिया के प्लेटफार्मों पर सकारात्मक वस्तुएं परोस कर लोग नाम के साथ-साथ पैसे भी कमा रहे हैं। ऐसे में अभिभावकों की जिम्मेदारी है कि बच्चों को इसके दोनों पहलुओं को समझाएं।

फॉलोअर बढ़ाने के चक्कर बनाई घिनौनी वीडियो
यूट्यूबर शिखा मैत्रेय जो कुंवारी बेगम के नाम से चैनल चला रही थी, के मामले की बात करें तो उसने फॉलोअर बढ़ाकर अधिक पैसे कमाने की लालच में दुधमुंहे बच्चे के साथ यौन शोषण करने के लिए लोगों को उकसाया।

इसका परिणाम यह हुआ कि उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ और गिरफ्तार हुई। पुलिस की जांच में आया है कि उसने फैशन डिजाइनिंग की पढ़ाई की थी। उसने फेमस होने के चक्कर में अपना पूरा करियर समाप्त कर लिया।

फेमस होने के चक्कर में पहुंचे जेल
अशोक वाटिका गरिमा गार्डन के अन्नु चौधरी उर्फ ईशु और शास्त्री पार्क, दिल्ली के दीपक वर्मा उर्फ दक्ष चौधरी ने लोकसभा चुनाव का परिणाम आने पर अयोध्या में भाजपा की हार को लेकर वहां के मतदाताओं पर विवादित बयान दिया।

टीला मोड़ थाने में उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ और जेल गए। इसके पहले लोकसभा चुनाव के दौरान दिल्ली में आइएनडीआइए प्रत्याशी कन्हैया कुमार को दक्ष ने थप्पड़ मारा था।

पुलिस की जांच में सामने आया है कि यह दोनों विवादित काम फेमस होने के लिए किया गया। दोनों पर कानूनी रूप से शिकंजा कसा गया है।

योगी की विवादित तस्वीर की थी वायरल
फरवरी- 2022 में पसौंडा के पार्षद मुस्तकीम ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की विवादित तस्वीर इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित किया था। पुलिस ने उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज करके जेल भेजा।

इंटरनेट मीडिया के फायदे भी
वसुंधरा सेक्टर-दो के धुव्र शर्मा को बचपन से ही योग का शौक है। 10 साल से कम उम्र में उसने योग में देश ही नहीं बल्कि विदेश में अपना डंका बजाया।

योग क्रियाओं से संबंधित वीडियो व जानकारी इंटरनेट मीडिया पर अपलोड किए। इसका उसे फायदा मिला। उसका नाम हुआ। पैसे भी कमाए। वसुंधरा सेक्टर-चार की नरगिस ने कहा कि इंटरनेट मीडिया के प्लेटफार्मों के दो सिक्के हैं। सकारात्मक पहलु से बहुत सारे फायदे हैं।

तमाम लोग इसका प्रयोग करके नेम व फेम दोनों कमा रहे हैं। नकारात्मक पहलु में पड़कर जेल तक जा रहे हैं। ऐसे में हमारी जिम्मेदारी है कि इसके सकारात्मक पहलु को अपनाएं।

बच्चों को भी ऐसा करने के लिए प्रेरित करें। वसुंधरा सेक्टर-एक के कैलाश चंद्र शर्मा ने कहा कि इंटरनेट मीडिया के प्लेटफार्मों पर अश्लीलता परोसी जा रही है।

हमें ऐसा करने वालों का बहिष्कार करना होगा। बच्चों को समझाना होगा कि प्रसिद्धि व पैसा कमाने के शार्ट कट के चक्कर में समाज में जहर न खोलें। ऐसा करने वालों का विरोध भी करें। अपनी प्रतिभा के जरिए फेमस हों और पैसे कमाएं।

स्वजन बरतें सावधानी
वरिष्ठ मनोचिकित्सक डॉ. संजीव त्यागी ने बताया कि तमाम लोग फेमस होने के लिए इस तरह का कार्य करते हैं। रास्ता सही है या नहीं वह यह भी नहीं देखते हैं। उनका एक उद्देश्य अपनी इच्छा को पूरा करना है। ऐसे लोग अपने साथ साथ समाज के लोगों के लिए भी खतरनाक होते हैं।

कुंवारी बेगम नाम सेक्सो टेंडेंसी को दर्शाता है। यह नाम लोगों को आकर्षित करने और ज्यादा से ज्यादा फॉलोअर बढ़ाने के लिए ही रखा गया है। स्वजन को अपने बच्चों को समझाना चाहिए। जिससे की ऐसे कार्य खुद के लिए और समाज के लिए खतरा न बन सकें।

Related Articles

Back to top button