महिला ने लगाया अपने जेठ व जेठानी पर मारपीट का आरोप

सरोजनी नगर लखनऊ। सरोजनीनगर के अमौसी निवासी महिला गंगा ने अपने जेठ मैकू लाल, देवरानी शालू, जेठ के बेटे मनीष और दमाद आशीष के खिलाफ गाली गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। डीसीपी दक्षिणी से की गई शिकायत के बाद सरोजनीनगर पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर जांच कर रही है। गंगा का कहना है कि वह वर्तमान में अपने पिता के साथ ठाकुरगंज के दौलतगंज स्थित मायके में रह रही है। उसका कहना है कि बीती 26 सितंबर 2021 को प्रॉपर्टी के लालच में उसके देवर नंद किशोर ने सुपारी देकर उसके पति महेश की हत्या करा दी थी। आरोप है कि पति की मौत हो जाने के बाद जेठ मैकू लाल, देवरानी शालू, जेठ का बेटा मनीष और दामाद आशीष सहित उनके रिश्तेदारों ने मिलकर उसे प्रताड़ित करना शुरू कर दिया।

मैकूलाल की पत्नी की करीब 5 वर्ष पहले मौत हो चुकी थी। उसके बाद मैकूलाल अकेले था। आरोप है कि तभी वह गंगा से अपने साथ शादी करने को कहने लगा। लेकिन वह तैयार नहीं हुई। बाद में गंगा अपने मायके चली गई। उसका कहना है कि 12 मई 2023 को वह अपने ससुराल अमौसी आई, तो मैकूलाल, उसका बेटा मनीष, दामाद आशीष और देवरानी शालू उसके घर पर कब्जा किए मिले। तब वह पास में ही गंगानगर स्थित अपने मकान पर चली गई। आरोप है कि वहां मनीष व आशीष भी पहुंच गए और दोनों ने मिलकर गाली गलौज करते हुए उसे घर से खींच कर बाहर निकाल कर मारा पीटा। बाद में दोबारा यहां दिखाई पड़ने पर जान से मारने की धमकी भी दी। फिलहाल डीसीपी दक्षिणी से की गई शिकायत के बाद सरोजनीनगर पुलिस इस मामले की रिपोर्ट दर्ज कर जांच कर रही है।

Related Articles

Back to top button