बारिश और ठंडी हवाओं के चलते अभी नहीं मिलेगी ठिठुरन से राहत…

नई दिल्ली। कड़ाके की ठंड के बीच शुक्रवार को दिल्ली में सुबह के तापमान में खासी गिरावट दर्ज दर्ज की गई। सर्दियों के इस सीजन में पहली बार न्यूनतम तापमान 3.8 डिग्री रिकॉर्ड हुआ, जो सामान्य से तीन डिग्री कम है।

दिन में भी बनी रहेगी ठिठुरन वाली ठंड
यही नहीं, कोहरा भी इस सीजन का सबसे घना देखने को मिला। आलम यह रहा कि आईजीआई एयरपोर्ट पर दृश्यता जीरो तक पहुंच गई। रनवे विजुअल रेंज 125 से 200 मीटर रह गई। दिन में भी ठिठुरन वाली ठंड बनी रहेगी।

रेवाड़ी में तापमान 2.2 डिग्री सेल्सियस, पाला पड़ना शुरू
जैसे-जैसे मौसम साफ हो रहा है वैसे ही न्यूनतम तापमान में गिरावट देखी जा रही है। बृहस्पतिवार को जहां रेवाड़ी का तापमान 1 डिग्री था तो वहीं शुक्रवार को यह बढ़कर 2.2 डिग्री पहुंच गया। किसानों को सबसे बड़ी चिंता पाले की सता रही है। तापमान गिरने से पाला जमना शुरू हो गया है। इससे सरसों और बागवानी की फसलों को नुकसान होगा।

बृहस्पतिवार को तापमान था 5.8 डिग्री
शुक्रवार सुबह दिल्ली का न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम 3.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। एक दिन पहले यह 5.8 डिग्री था। वहीं आईजीआई एयरपोर्ट पर सुबह साढ़े चार बजे से दृश्यता का स्तर जीरो बना हुआ है। सुबह नौ बजे तक भी इसमें सुधार नहीं हुआ।

दिन में आसमान रहेगा साफ लेकिन…
मौसम विभाग का अनुमान है कि आज दिन में आसमान साफ रहेगा। दोपहर बाद आंशिक रूप से बादल छा सकते हैं। धूप खिली रहेगी, लेकिन ठिठुरन भरी ठंड के हालात भी बने रहेंगे। अधिकतम तापमान 19 से 20 डिग्री रह सकता है।

प्रदूषित हवा से आज भी निजात नहीं
उधर नए साल के 12वें दिन भी दिल्लीवासियों को प्रदूषित हवा से निजात नहीं मिली। सुबह नौ बजे दिल्ली का एक्यूआई 348 दर्ज किया गया जो बहुत खराब श्रेणी में आता है।

साइबर सिटी भी ठंड की चपेट में
साइबर सिटी यानी गुरुग्राम भी शुक्रवार को कड़ाके की सर्दी की चपेट में है। यहां न्यूनतम तापमान 3.9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है।

उत्तराखंड की बारिश और बढ़ाएगी गलन-ठिठुरन
मौसम विज्ञानी डॉ. मंजीत का कहना है कि अभी ठिठुरन और बढ़ेगी क्योंकि उत्तराखंड में एक-दो दिन वर्षा होने के आसार हैं। इससे सर्द हवाएं चलेंगी।

Related Articles

Back to top button