बिसौली के सपा विधायक की बहन पत्नी भाजपा में शामिल

बदायूं। लोकसभा चुनाव को लेकर सियासी घमासान मचा हुआ है। सपा से बगावत कर राज्यसभा चुनाव में भाजपा के पक्ष में वोट करने वाले बिसौली के सपा विधायक आशुतोष मौर्य की पत्नी और बहन भाजपा में शामिल हो गई हैं। जिले के कुछ अन्य नेता भी भाजपा में शामिल हुए हैं। बिसौली से सपा विधायक आशुतोष मौर्य ने राज्यसभा के चुनाव में क्रॉस वोटिंग करते हुए भाजपा के पक्ष में मतदान किया था। अब लोकसभा चुनाव के दौरान आशुतोष मौर्य की पत्नी बिल्सी नगर पालिका परिषद की पूर्व अध्यक्ष सुषमा मौर्य और बहन पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष मधु चंद्रा ने लखनऊ में शनिवार को भाजपा का दामन थाम लिया। सपा के लिए यह बड़ा झटका है। भाजपाई उपलब्धि मान रहे हैं। सपा के विधायक आशुतोष मौर्य की सक्रियता अभी सपा उम्मीदवार के पक्ष में बदायूं संसदीय क्षेत्र में कहीं नहीं दिख रही है। बिसौली क्षेत्र में सपा के दिग्गज नेता और उम्मीदवार शिवपाल सिंह यादव और पूर्व सांसद धर्मेंद्र यादव के साथ उन्होंने चुनावी मंच भी साझा नहीं किया। सपा जिलाध्यक्ष आशीष यादव ने उन्हें फोन किया तो भी वह नहीं पहुंचे। खुद को बाहर बताकर टाल दिया। उनकी पत्नी और बहन का भाजपा में शामिल होना सियासी मायने में अहम हैं। बिसौली में राजनीतिक मिजाज में आए बदलाव से सपा के लिए चुनौती बढ़ेगी। लखनऊ में जिस समय आशुतोष मौर्य की पत्नी और बहन भाजपा में शामिल हुईं उसी समय बिसौली में सपा के विधायक रहे योगेंद्र गर्ग उर्फ कुन्नू बाबू के बेटा आशीष गर्ग, सपा की बिसौली विधानसभा क्षेत्र ईकाई के अध्यक्ष मनोहर सिंह यादव, सपा के जिला सचिव बेचे सिंह ठाकुर, इस्लामनगर के पूर्व ब्लॉक प्रमुख आर्येंद्र कुमार भी भाजपा में शामिल हुए।

Related Articles

Back to top button