मतदान खत्म होते ही बंगाल के विभिन्न स्थानों पर हिंसा शुरू

कोलकाता। मतदान खत्म होते ही बंगाल के विभिन्न स्थानों पर हिंसा शुरू हो गई है। राज्य के नदिया जिले के देवग्राम इलाके में शनिवार रात एक भाजपा कार्यकर्ता की अज्ञात लोगों ने हत्या कर दी गई। मृतक का नाम हाफिजुल शेख है। वे चांदपुर ग्राम के रहने वाले थे। शनिवार रात हाफिजुल चाय की दुकान पर बैठे थे। उसी समय मोटरसाइकिलों पर सवार होकर कुछ लोग वहां पहुंचे और हाफिजुल पर काफी नजदीक से गोलियां चलाईं।

मौत निश्चित करने के लिए चाकू से भी वार किया और उसके बाद भाग निकले। स्थानीय भाजपा नेतृत्व ने घटना के पीछे राज्य में सत्ताधारी पार्टी तृणमूल कांग्रेस के गुंडों का हाथ बताया है। दूसरी तरफ तृणमूल ने घटना में हाथ होने से इन्कार किया है।

वहीं उत्तर 24 परगना जिले के भाटपाड़ा में प्रियांकू पांडे नामक भाजपा नेता के घर के सामने शनिवार देर रात कुछ लोगों ने बमबाजी की। प्रियांकू बैरकपुर लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी अर्जुन सिंह के चुनाव एजेंट हैं। दूसरी तरफ इसी जिले के नैहाटी में एक तृणमूल नेता के कार्यालय के सामने बम फेंके गए। कोलकाता उत्तर में रमेश साव नामक भाजपा के बूथ एजेंट को मारा-पीटा गया।

संदेशखाली में पुलिस और महिलाओं में झड़प
बशीरहाट संसदीय क्षेत्र के संदेशखाली में शनिवार को हुए मतदान के समय से ही माहौल अशांत है। वहां पुलिस व महिलाओं के बीच रविवार को फिर झड़प हुई। महिलाएं बांस, लाठी व पहसुल लेकर सड़कों पर उतर पड़ीं। गंभीर हालात को देखते हुए वहां बड़ी संख्या में पुलिस, रैफ व केंद्रीय बलों की तैनाती की गई है। कुछ इलाकों में धारा 144 लागू कर दी गई है।

मालूम हो कि संदशखाली में मतदान के दिन भाजपा कार्यकर्ता की कुछ लोगों ने पिटाई की थी। आरोप तृणमूल पर लगा था। इसके विरोध में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ स्थानीय लोगों ने पथावरोध किया था, जिनमें महिलाएं भी शामिल थीं। पुलिस ने जब उन्हें हटाने की कोशिश की थी तो उनमें झड़प हुई थी। इसमें एक पुलिसकर्मी का सिर फट गया था।

पुलिस ने उस मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया था। रविवार को पुलिस एक और अवरोधकारी को पकड़कर ले जा रही थी। उसी समय बड़ी संख्या में महिलाएं जमा हो गईं और पुलिस को रोका। इसी दौरान पुलिस के साथ उनकी झड़प हुई। इस बीच राज्यपाल डॉ सीवी आनंद बोस ने संदेशखाली में हुई गड़बड़ी को लेकर राज्य सरकार से रिपोर्ट मांगी है।

Related Articles

Back to top button