उत्तराखंड लोकसभा चुनाव 2024: आचार संहिता लागू हाने के बाद बैनर-पोस्टर हटाते नगर निगम कर्मी।

हल्द्वानी। जिले के 798276 मतदाता और 5342 सर्विस मतदाता (कुल 803618) अपना सांसद चुनने के लिए वोट करेंगे। छह विधानसभाओं में वोटिंग के लिए 1010 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। आचार संहिता लागू होने के 72 घंटे के भीतर सभी जगहों से प्रचार सामग्री को हटा दिया जाएगा।

यह जानकारी जिला निर्वाचन अधिकारी और डीएम वंदना ने शनिवार को कैंप कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में दी। कहा कि 41,4702 पुरुष और 38,3558 महिला मतदाता हैं। 6058 दिव्यांग और 4737 मतदाता 85 वर्ष और उससे अधिक आयु के हैं। 16 ट्रांसजेंडर मतदाता हैं। चुनाव के मद्देनजर डिस्ट्रिक मैनेजमेंट प्लान और बूथ मैनेजमेंट प्लान तैयार है।

35 जोनल और 106 सेक्टर मजिस्ट्रेट
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि चुनाव के लिए 35 जोनल और 106 सेक्टर मजिस्ट्रेट बनाए गए हैं। रिजर्व में भी अधिकारी रखे गए हैं। फ्लाइंग स्क्वाड के 57 दल बनाए गए हैं। वीएसटी 66, एसएसटी 16 और वीवीटी की 12 टीम बनाई गई हैं।

हल्द्वानी में सबसे अधिक वलनरेबल बूथ
चुनाव के मद़देनजर वलनरेबल बूथ को भी चिह्नित किया है। जिले में 286 वलनरेबल बूथ हैं इसमें सर्वाधिक हल्द्वानी विधानसभा में 102 हैं। कालाढूंगी में 59, नैनीताल 54, भीमताल 28 और रामनगर विधानसभा में 23 हैं। सबसे कम लालकुआं विधानसभा में 20 वलनरेबल बूथ हैं। डीएम ने बताया कि हल्द्वानी में वलनरेबल बूथ की संख्या बढ़ी है। प्रेस वार्ता में उप निर्वाचन अधिकारी पीआर चौहान, प्रभारी अधिकारी निर्वाचन तुषार सैनी आदि थे।

597 पोलिंग स्टेशन ग्रामीण क्षेत्र में
जिले में ग्रामीण क्षेत्र में सर्वाधिक 597 पोलिंग स्टेशन हैं। शहरी क्षेत्र में 413 पोलिंग स्टेशन हैं। बताया कि चुनाव कार्य में 3567 भारी वाहन और 4049 हल्का वाहन लगेंगे। इन वाहनों की व्यवस्था हो गई है। रामनगर विधानसभा के पीरूमदारा में सबसे अधिक 1446 वोटर हैं। इसमें 684 पुरुष और 710 महिला मतदाता हैं। सबसे कम मतदाताओं वाला केंद्र कुष्ठ रोग आश्रम है, इसमें 75 वोटर हैं। सबसे अधिक वरिष्ठ मतदाता हल्द्वानी विधानसभा के अंतर्गत राजकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बमौरी मतदेय स्थल में 50 और दिव्यांग मतदाता राजकीय प्राथमिक विद्यालय जंगलिया गांव में 67 हैं।

सबसे ऊंचाई पर मतदेय स्थल मुक्तेश्वर-ताड़ीखेत में
जिले में सबसे अधिक ऊंचाई पर दो जगहों पर मतदाता स्थल हैं। इसमें भीमताल विधानसभा के अंतर्गत राजकीय इंटर कॉलेज मुक्तेश्वर 7500 फीट पर है। नैनीताल विधानसभा के अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय ताड़ीखेत में 7500 फीट की ऊंचाई पर मतदेय स्थल है।

शस्त्र जमा कराने की प्रक्रिया शुरू
जिला निर्वाचन अधिकारी वंदना ने बताया कि जिले में 6768 शस्त्र लाइसेंसधारक हैं। बैंक, कैश ले जाने वाले वाहन, औद्योगिक प्रतिष्ठान आदि जगहों पर कार्यरत लोगों को शस्त्र लाइसेंस जमा करने से छूट दी गई है। बाकी से शस्त्र जमा कराने की प्रक्रिया को शुरू कर दिया है।

Related Articles

Back to top button