उत्तर प्रदेश में सपा का नहीं खुलेगा खाता, सपा बनी समाप्तवादी पार्टी- डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य

मेरठ। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि इस बार उत्तर प्रदेश में सपा का खाता भी नहीं खुलेगा। अकेले लड़ें या मिलकर। सपा में अब कोई रहना नहीं चाहता लेकिन हम अच्छे लोगों को ले रहे हैं। सपा समाप्तवादी पार्टी बनती जा रही है। यह चुनाव पांच साल का नहीं देश को 100 साल आगे ले जाने का है। इस बार पसीना बहा दिया तो भविष्य में खून क्या पसीना भी बहाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

वह देहरादून बाईपास स्थित सुभारती विश्वविद्यालय के मांगलय सभागार में सोमवार को भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ की ओर से आयोजित व्यापारी सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।

माफियाओं के शिकंजे में था मेरठ: केशव प्रसाद मौर्य
उन्होंने कहा कि 2017 के पहले का मेरठ माफियाओं के शिकंजे में थे। एक बात चर्चित थी सपाइयों का नारा खाली प्लॉट हमारा। सपा और दंगा एक-दूसरे के पर्याय बन गए थे। पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव कहते हैं कि 80 हराओ। उन्हें याद नहीं जब वह 2014 में मुख्यमंत्री थे तब लोकसभा चुनाव में कहा कि सपा 60 सीट जीतेगी लेकिन सपा सिमट गई और भाजपा 73 सीट जीती थी।

2017 में उनके मुख्यमंत्री रहते हुए विधानसभा का चुनाव हुआ था तब कहा कि सपा 300 से अधिक जीतेगी लेकिन भाजपा गठबंधन ने 325 से अधिक सीट जीती। 2019 के लोकसभा चुनाव में बुआ-भतीजे मिल गए उस समय जयंत भी उनके साथ थे तब भी भाजपा के विजय रथ को नहीं रोक सके थे। अब तो जयंत भाजपा गठबंधन के साथ हैं ऐसे में अब सपा का खाता भी नहीं खुलेगा।

किसानों को दिया भारत रत्न
किसानों के मसीहा चौधरी चरण सिंह को मोदी जी ने भारत रत्न दिया, लेकिन कांग्रेस ने क्यों नहीं दिया। यह सवाल पूछा जाए। मेरठ सहित तमाम सीटों पर विपक्ष की जमानत भी नहीं बचेगी। कांग्रेस पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस भ्रष्टाचार की अम्मा की अम्मा है। सपा, कांग्रेस और बसपा में भगदड़ मची है, कांग्रेस गठबंधन में फोटो खींचने वाले भी नहीं बचे हैं। मोदी के नेतृत्व में सब बदल गया है। अब आंख बंद करके देखो तब भी विकास दिखाई देता है। विपक्ष मोदी से नाराज है क्योंकि भ्रष्टाचार करने नहीं दे रहे और जिन्होंने किया उनका हिसाब कर रहे हैं।

मोदी पूरे भारत को ही परिवार मानने वाले प्रधानमंत्री हैं इसलिए अब इंटरनेट मीडिया के हैंडल पर लिख लेना अपने नाम के आगे मोदी परिवार। इंडी गठबंधन के राहुल गांधी कहते हैं भारत के हालात पाकिस्तान से बुरे हैं जो देश को जानते हैं वे देख रहे हैं कि यहां की हालात तो अमेरिका से भी अच्छे हैं।

भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष सतेंद्र सिसोदिया, सांसद राजेंद्र अग्रवाल, ऊर्जा राज्यमंत्री सोमेंद्र तोमर, जलशक्ति राज्यमंत्री दिनेश खटीक, विधायक अमित अग्रवाल, विधान परिषद सदस्य धर्मेंद्र भारद्वाज, लोकसभा संयोजक कमल दत्त शर्मा, महानगर अध्यक्ष सुरेश जैन ऋतुराज जिलाध्यक्ष शिव कुमार राणा उपस्थित रहे।

विनीत शारदा ने पेश की टिकट की दावेदारी
कार्यक्रम के आयोजक व भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक विनीत अग्रवाल शारदा ने अपने संबोधन में परोक्ष रूप से टिकट की दावेदारी भी कर दी। इस पर पूरा मंच मुस्कराता रहा। वह बोले इस बार लाेकसभा चुनाव विनीत अग्रवाल लड़े या कोई और। पांच लाख से अधिक वोट से जीत दर्ज कराएंगे। उन्होंने मोदी को राम, योगी को लक्ष्मण, अमित शाह को श्रीकृष्ण और केशव प्रसाद मौर्य को अर्जुन की संज्ञा दी। कहा व्यापारी हित के सभी प्रमुख कार्य प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी व उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के नेतृत्व में हुए हैं।

Related Articles

Back to top button