उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य का बड़ा दावा, यूपी में सभी सींटो पर जीतेगी भाजपा…

लखनऊ। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने आइएनडीआइए गठबंधन की ओर इशारा करते हुए कहा कि इंडी-भिंडी गठबंधन हवा में उड़ गए हैं। अपनी उपलब्धियों के अंबार के कारण सिर्फ भाजपा के पास जनता से वोट मांगने का अधिकार है। सामाजिक समीकरण का सबसे शानदार गुलदस्ता भाजपा के पास है।

लोकसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी समाप्तवादी पार्टी साबित होगी। कांग्रेस की यात्रा जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, उसका जनाधार सिमटता जा रहा है। बसपा का कहीं अता-पता नहीं है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा की सुनामी के कारण पार्टी उत्तर प्रदेश की सभी 80 सीटें जीतेगी।

वह भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा की ओर से सोमवार को लोक निर्माण मुख्यालय के विश्वेश्वरैया सभागार में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि 500 वर्षों के संघर्ष के बाद छप्पर के नीचे बैठे रामलला को उनके जन्मस्थल पर प्रतिष्ठित करने का दम 56 इंच की छाती वाले नरेन्द्र मोदी में ही था।

कर्पूरी ठाकुर, चौधरी चरण सिंह को भारत रत्न देने के मोदी सरकार के निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि पिछड़ों को पहली बार उनका वाजिब हक दिलाने का काम भाजपा ने किया है। भाजपा की ओर से प्रदेश में राज्यसभा के लिए घोषित सात प्रत्याशियों में से चार ओबीसी होने का उल्लेख करते हुए कहा कि डबल इंजन की सरकार में ही पिछड़ा वर्ग को उनका वाजिब हक मिला है।

इससे पहले पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष नरेन्द्र कश्यप ने कहा कि मोर्चा सभी जिलों में युवा संवाद कार्यक्रम, पार्टी के 1918 संगठनात्मक मंडलों में पिछड़ी जातियों के सामाजिक सम्मेलन और प्रदेश के सभी मंडल मुख्यालयों में ओबीसी महासम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने भाजपा की विचारधारा तथा मोदी-योगी सरकारों की उपलब्धियों को ओबीसी समाज के बीच ले जाने की अपील की। युवा संवाद कार्यक्रम को पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश प्रभारी राम प्रताप सिंह चौहान, युवा संवाद कार्यक्रम के संयोजक रामचंद्र प्रधान आदि ने भी संबोधित किया।

Related Articles

Back to top button