केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन ने युवाओं से भारत को 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने के लिए स्वयं को समर्पित करने का आग्रह किया

नई दिल्ली। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन ने युवाओं से भारत को 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने के लिए स्वयं को समर्पित करने का आग्रह किया है। आज केरल में फातिमा माता नेशनल कॉलेज, कोल्लम के स्नातक समारोह को संबोधित करते हुए वित्त मंत्री ने कहा कि देश के प्रत्येक नागरिक के योगदान से अर्थव्यवस्था को ताकत मिलती है। उन्होंने युवाओं को नागरिकों की समृद्धि और देश को कल्याणकारी बनाने के लिए भविष्य के अवसरों और चुनौतियों से निपटने के लिए प्रोत्साहित किया। वित्त मंत्री ने कहा कि भारत अपने लोगों, विशेषकर वैज्ञानिकों और स्वास्थ्य देखभाल पेशेवरों की प्रतिभा के माध्यम से कोविड महामारी की वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच एक सफल देश के रूप में उभरा है। उन्होंने कहा कि महामारी के दौरान भारत ने दुनिया को दिखाया है कि वह हर हालात से निपटने में सक्षम है। सुश्री सीतारामन आज केरल की एक दिन की यात्रा पर हैं। वे आज शाम तिरुवनंतपुरम के मंगलापुरम में विकसित भारत संकल्प यात्रा कार्यक्रम में भी शामिल होंगी।

Related Articles

Back to top button