पटना बाईपास थाना क्षेत्र के एनएच 30 पर सड़क हादसे में दो की मौत

पटना। पटना बाईपास थाना क्षेत्र के एनएच 30 पर शनिवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया। टोल प्लाजा से पहले अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो भाइयों की मौत हो गई। दोनों सगे भाई त्योहार की छुट्टी होने पर रामकृष्णा नगर क्षेत्र से नालंदा स्थित अपने घर जा रहे थे।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए नालंदा मेडिकल कॉलेज भेज दिया है। सीसीटीवी फुटेज से टक्कर मारने वाले वाहन का पता लगाने में पुलिस जुटी है। घटना के संबंध में परिजनों ने बताया कि नालंदा के चंडी थाना स्थित कचहरिया धरधरी निवासी रौशन कुमार पटना आया था।

त्योहार की छुट्टी पर दोनों जा रहे थे घर
उसका छोटा भाई रॉकी कुमार रामकृष्णा नगर क्षेत्र में फूफा के यहां रह कर पढ़ाई कर रहा था। विद्यालय में त्योहार की छुट्टी होने के कारण 26 वर्षीय रौशन अपने 12 वर्षीय भाई रॉकी कुमार को बाइक से नालंदा लेकर जा रहा था।

पुलिस ने बताया कि टोल प्लाजा से पहले ही अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दिया। मृतक रौशन के फूफा सुशील कुमार ने पोस्टमार्टम कक्ष के बाहर बताया कि वे खेमनीचक में रहते हैं। उन्हीं के यहां रहकर रॉकी कुमार तीसरी कक्षा में पढ़ाई करता था।

वाहन चालक की तलाश में जुटी पुलिस
त्योहार को लेकर विद्यालय में छुट्टी होने के कारण बड़ा भाई रौशन उसे नालंदा स्थित घर ले जाने के लिए आया था। घर जाने के क्रम में ही दोनों भाइयों की टोल प्लाजा के समीप अज्ञात वाहन से हुई दुर्घटना में मौत हो गई।

मृतक के पिता शंभू प्रसाद कृषक हैं। मृतक की दो बहनों में दो एक की शादी हो चुकी है। दुर्घटना में मृत अविवाहित रौशन घर पर ही टेंट और पंडाल का काम करता था। पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव लेकर नालंदा चले गए हैं। यातायात थाना पुलिस के अनुसार, अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर छानबीन जारी है।

Related Articles

Back to top button