बदायूं में बस की टक्कर से टेंपो सवार दो लोगों की मौत, आठ घायल

बदायूं। गंगा स्नान कर वापस लौट रहे टेंपो सवारों को रोडवेज बस ने टक्कर मार दी। हादसे में टेंपो चालक और एक बालक की मृत्यु हो गई। हादसा गुरुवार सुबह साढ़े नौ बजे उझानी कोतवाली क्षेत्र में करुआ पुल के पास हुआ। बस चालक कछला चौराहे पर बस खड़ी करके फरार हो गया है।

मूलरूप से चंदौसी, संभल का रहने वाला मोनू उर्फ मोनिस अली बदायूं के लालापुल पर रहता था। वह टेंपो चलाता था। बुद्ध पूर्णिमा पर श्रद्धालुओं को लेकर कछला गया था। संजरपुर के महेश तोमर अपने नाती बसंत के साथ गंगा स्नान करके लौटते समय मोनू के टेंपो में बैठ गए थे।

दो की मौत, आठ घायल
बरेली-आगरा हाईवे पर करुआ पुल के पास कासगंज की तरफ जा रही बदायूं डिपो की बस ने टेंपो में टक्कर मार दी। हादसे में टेंपो चालक मोनू और बालक बसंत की मृत्यु हो गई जबकि महेश तोमर समेत आठ लोग गंभीर रूप से घायल हैं।

इनके अलावा टेंपो में सवार बरा मालदेव गांव निवासी राजेंद्र, राजेंद्र की पत्नी मीना देवी, पुत्री आरती, अंजलि, भारती, पुत्र सत्यम और शिवम घायल हुए हैं। घायलों को सीएचसी उझानी लाया गया है। बस चालक कछला चौराहे के पास बस छोड़कर फरार हो गया है। पुलिस ने बस को कब्जे में ले लिया है।

Related Articles

Back to top button