दो कांस्टेबलों को आरोपियों ने बंधक बनाकर जमकर पीटा…

मुरादाबाद। कांठ थाना क्षेत्र में कच्ची शराब बनाने वालों को पकड़ने गए दो कांस्टेबलों को आरोपियों ने बंधक बनाकर जमकर पीटा। इसमें एक कांस्टेबल की हालत काफी गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जिसे डॉक्टर ने इलाज के बाद शनिवार सुबह छुट्टी दे दी है। इस मामले में कुछ महिलाओं समेत सात आरोपियों के विरुद्ध नामजद एफआईआर दर्ज कराई गई है।

घटना शुक्रवार देर रात की बताई जा रही है। फिलहाल, घटना के दूसरे दिन भी नामजद अभियुक्तों में से किसी एक को भी पुलिस शनिवार दोपहर तक गिरफ्तार नहीं कर पाई थी। थानाध्यक्ष योगेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है। थानाध्यक्ष ने उम्मीद जताई है कि शाम तक गिरफ्तारी हो जाएगी। पूरा मामला उमरी कला डेहरा गांव का है।

शुक्रवार रात करीब 9:30 बजे कच्ची शराब बिकने और बनने की सूचना पर कांस्टेबल विजय कुमार और सर्वेश कुमार बाइक से पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि कांस्टेबलों ने अपनी बाइक जसवंत उर्फ खन्ना के मकान के सामने खड़ी की थी। बताया जा रहा है कि गांव के लोग पुलिस पर पहले से ही नाराज चल रहे थे। चूंकि, पुलिस ने 28 जनवरी 2024 को आरोपियों के परिवार के ही वीर सिंह पुत्र खेम सिंह को कच्ची शराब बनाते हुए गिरफ्तार किया था और उसे जेल भेज दिया था।

शुक्रवार रात को हुई घटना का भी यही मुख्य कारण माना जा रहा है। इसी घटना को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी थी और जैसे ही उन्होंने अपने दरवाजे पर पुलिस कर्मियों को आते देखा, तुरंत वह लोग उन दोनों कांस्टेबलों को पकड़ कर घर के अंदर खींच ले गए और वहां जमकर मारापीटा। दोनों कांस्टेबल काफी चोटिल हो गए थे। इसमें एक कांस्टेबल सर्वेश कुमार तो काफी गंभीर रूप से घायल हुए थे।

उन्हें रात में ही लाकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बताया जा रहा है की मारपीट के दौरान जब दोनों कांस्टेबल ने काफी कुछ शोर मचाया तो गांव के कुछ लोग आ गए थे और बीच बराव किया था, इसमें उनकी जान बची। आरोपियों के बंधक से मुक्त होने पर कांस्टेबल ने थाने में खबर की। जिस पर छजलैट और कांठ थाने की फोर्स मौके पर पहुंची थी। फोर्स आने से पहले ही हमला करने वाले आरोपी घर छोड़कर मौके से फरार हो गए थे।

हेड कांस्टेबल ने सात लोगों की विरुद्ध दर्ज कराई एफआईआर
हेड कांस्टेबल विजय कुमार ने घटना के संबंध में सात लोगों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराई है। इसमें मुख्य आरोपी जसवंत उर्फ खन्ना, देशराज, जीवन, अंकित, उषा, निपेंद्र और रतिया नामजद हुए हैं।

Related Articles

Back to top button