कल से होगा ताजमहोत्सव का शुभारम्भ, बिखरेंगे संस्कृतिक रंग…

आगरा। ताजमहोत्सव में शनिवार से संस्कृति के रंग बिखरेंगे।शाम को शिल्पग्राम में ब्रज की होली और सिद्धार्थ मोहन की भजन की प्रस्तुति के साथ महोत्सव का आगाज होगा। वहीं, महोत्सव में देश भर से शिल्पी जुटेंगे, लघु भारत की छटा बिखरेगी। 27 फरवरी तक चलने वाले ताजमहोत्सव का औपचारिक उद्घाटन रविवार को पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह करेंगे।

विकसित भारत के संकल्प के संग, ताज महोत्सव के रंग’ थीम पर आयोजित ताजमहोत्सव में पंजाब, जम्मू कश्मीर, मध्य प्रदेश, आंध्रप्रदेश से शिल्पी आने लगे हैं। महोत्सव में शिल्पग्राम, सूरसदन, सदर बाजार, सूर सरोवर पक्षी विहार, अटल उद्यान, ताज प्यू प्वाइंट, यमुना आरती स्थल पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

इसके साथ ही महोत्सव में बालीवुड नाइट, कामेडी, भजन, गजल, कवि सम्मेलन, मुशायरा, नाट्य महोत्सव, हाट एयर बैलून राइड, काइट फेस्टिवल, बर्ड वाचिंग, ताज कार रैली, बाइक रैली जैसे आकर्षण लोगों को लुभाएंगे।

सूरसदन में मुशायरा में निश्शुल्क प्रवेश
पहले दिन शनिवार को सूरसदन में नृत्य नाटिका मीरा की प्रस्तुति दी जाएगी। रात को अम्न कुल हिंद मुशायरा का आयोजन किया जाएगा। समन्वयक अमीर अहमद ने बताया कि प्रो. वसीम बरेलवी, ताहिर फराज, दिल ताजमहली, अकील नोमानी, अतहर शकील, डा. पापुलर मेरठी, ऐजाज अंसारी, अज्म शाकिरी, विजय तिवारी, मुमताज नसीम, अल्तमश अब्बास। शामिल होंगे। मुशायरा में प्रवेश निश्शुल्क रहेगा।

18 से शुरू नहीं होगा हाट एयर बैलून
ग्यारह सीढ़ी पार्क पर 18 फरवरी से हाट एयर बैलून की सैर शुरू होनी थी, ताजमहोत्सव के दौरान निश्शुल्क हाट एयर बैलून की सैर कराई जाएगी।मगर, एनओसी न मिलने से हाट एयर बैलून शुरू होने में समय लगेगा, 18 फरवरी से हाट एयर बैलून की सैर नहीं कर सकेंगे।

मंच नहीं हुआ तैयार, बनाए जा रहे सेल्फी प्वाइंट
शुक्रवार को ताजमहोत्सव में मुख्य मंच के साथ ही साज सज्जा करने में कर्मचारी जुटे रहे। अभी मुख्य मंच तैयार नहीं हुआ है, शनिवार को भी मुख्य मंच के तैयार होने की उम्मीद नहीं हैं। महोत्सव में श्रीराम मंदिर के साथ ही भारतीय संस्कृति की थीम पर सेल्फी प्वाइंट बनाए जा रहे हैं। झूले लगने के साथ ही स्टाल भी तैयार कराई जा रही हैं।

ताजमहोत्सव में पर्यटकों को भारत की विविध कला, संस्कृति और शिल्प की झलक देखने को मिलेगी। इस सम्पूर्ण कार्यक्रम में महिला सशक्तिकरण संबंधी विभिन्न गतिविधियों का बढ़ावा देने का प्रयास किया जाएगा। पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह

ताजमहोत्सव को भव्य बनाने के प्रयास किए गए हैं, स्थानीय लोगों के साथ ही पर्यटक को ताजमहोत्सव में परिवार के साथ संस्कृति और शिल्प की झलक देखने को मिलेगी। रितु माहेश्वरी मंडलायुक्त अध्यक्ष ताजमहोत्सव आयोजन समिति

Related Articles

Back to top button