आज बदलेगा मौसम, बारिश से होगा फरवरी का आगाज

झांसी। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव में आने के बाद पछुआ हवा का सिलसिला टूटा। हवा का रुख बदलने से धूप की गर्माहट भी पूरी तरह धरती तक पहुंची। अमौसी केंद्र के मुताबिक 31 जनवरी से बारिश के आसार हैं। लखनऊ में बादलों की आवाजाही के बीच बूंदाबांदी की संभावना है। वैसे विक्षोभ से सर्दी से राहत मिलेगी।

मौसम वैज्ञानिक अतुल सिंह के अनुसार उत्‍तर पश्चिम से आ रही हवा का रुख बदल गया है। अब पुरवा चल रही है। इससे कोहरा आंश्कि रहा लेकिन अगले दो दिन सुबह-शाम हल्‍का कोहरा रह सकता है। हवा का रुख बदलने से तापमान बढ़ेगा। विक्षोभ 31 जनवरी से चार फरवरी तक प्रभावी रहेगा। सोमवार को दिन में अच्‍छी धूप निकलने से अध‍िकतम पारा 22.9 डिग्री दर्ज हुआ। न्‍यूनतम तापमान 8.5 डिग्री रहा। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को सुबह हल्‍के से सामान्‍य कोहरा रह सकता है। दिन में धूप निकलेगी। अधिकतम 21 और न्‍यूनतम 9 डिग्री रह सकता है।

20 दिन बाद सूरज हुआ लाल
पूर्वी यूपी में सर्दी के सितम से मौसम राहत देता नजर आ रहा है। सोमवार को करीब 20 दिन बाद सूरज की तपिश का अहसास हुआ। दिन का अधिकतम तापमान 4.4 डिग्री सेल्सियस ऊपर उछल गया। हालांकि रात होते ही घना कोहरा भी छा गया। सोमवार को दिन का अधिकतम तापमान 19.8 डिग्री सेल्सियस रहा। हालांकि अभी भी यह सामान्य से करीब पांच डिग्री सेल्सियस कम है।

गोरखपुर में नौ जनवरी को दिन का अधिकतम तापमान 20.2 डिग्री सेल्सियस था। उसके बाद से लगातार पर नीचे लुढ़का है। बीते 24 जनवरी को तो अधिकतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस पर आ गया था। इस दौरान रात का तापमान भी चार डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। सोमवार के तड़के शुरुआत घने कोहरे से हुई। सुबह 10 बजे कोहरा छंटने लगा। सूरज के दर्शन हुए। दिन चढ़ने के साथ सूरज के तेवर तल्ख हुए। इसके कारण 24 घंटे में दिन के तापमान में 4.4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई। इससे पहले रविवार को दिन का तापमान 15.4 डिग्री सेल्सियस था।

सूर्यास्त के बाद बढ़ जा रही गलन
बीते 24 घंटे में दिन का तापमान भले ऊपर उछला हो लेकिन रात के तापमान में ज्यादा बढ़ोतरी नहीं हुई। सूर्यास्त के बाद सर्द हवाओं का कहर बदस्तूर जारी है। गलन बढ़ गई है। सोमवार को न्यूनतम तापमान 6.2 डिग्री सेल्सियस रहा।

हो सकती है बूंदाबांदी
मौसम विभाग के मुताबिक अगले एक हफ्ते तक सर्दी का सितम जारी रहेगा। सुबह व शाम को घना कोहरा छाया रहेगा। आगामी 31 जनवरी व एक फरवरी को पूर्वी यूपी के कुछ हिस्सों में बूंदाबांदी हो सकती है।

बारिश से होगा फरवरी का आगाज
मेरठ में रविवार को बादल और कोहरे से डुबकी लगाने वाला पारा सोमवार को धूप निकलते ही 7.4 डिग्री सेल्सियस उछल गया। तापमान में हुई इस बढ़ोतरी से सर्दी से राहत मिली। पहाड़ों पर पश्चिमी विक्षोभ के असर से मैदानों में रात के तापमान सामान्य से ऊपर पहुंचने की ओर हैं। कल रात से मैदानों में मौसम में बड़ा बदलाव होने की उम्मीद है। बादल और बारिश के साथ तेज हवाओं से जनवरी की विदाई और फरवरी का आगाज होने जा रहा है। चार फरवरी तक मौसम का मिजाज ऐसे ही बना रहेगा। हालांकि आज दिन में मौसम साफ रहने की उम्मीद है। कुछेक स्थानों पर थोड़े समय के लिए कोहरा छाने के आसार हैं, लेकिन दिन में धूप निकलेगी।

प्रदूषण, धूल, कोहरे की चादर धुल जाएगी
सितंबर में मानसून की विदाई के बाद मेरठ सहित वेस्ट यूपी के अधिकांश हिस्सों में अच्छी बारिश नहीं हुई है लेकिन कल से सक्रिय होने जा रहे उक्त सिस्टम से पहली अच्छी बारिश की उम्मीद है। इसका सबसे ज्यादा असर वातावरण में चार माह से जमी धूल एवं प्रदूषण तथा एक माह से जारी कोहरे की चादर पर पड़ेगा। बारिश और तेज हवा से यह पूरी तरह से साफ हो जाएंगे। पांच फरवरी से मेरठ सहित वेस्ट यूपी में मौसम साफ होने की उम्मीद है।

Related Articles

Back to top button