आज बीजेपी करेगी राष्ट्रीय अधिवेशन का शुभारंभ, जेपी नड्डा समेत अन्य बड़े नेता रहेंगे मौजूद, यहाँ जाने पूरी खबर…

लखनऊ। भाजपा का राष्ट्रीय अधिवेशन 17 व 18 फरवरी को नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में होगा। इस अधिवेशन में पार्टी लोकसभा चुनाव के दृष्टिगत अपने रोडमैप को अंतिम रूप देगी। इस कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री, पार्टी शासित राज्यों के मुख्यमंत्री, राज्य मंत्री, राष्ट्रीय और राज्य पार्टी पदाधिकारी, सांसद और विधायकों सहित लगभग 11 हजार 500 प्रतिनिधि भाग लेंगे।

इसी के साथ राष्ट्रीय अधिवेशन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक, प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह सहित उत्तर प्रदेश से पार्टी के 1347 प्रतिनिधि भाग लेंगे।

जेपी नड्डा ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय अधिवेशन का शुभारंभ करेंगे
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और प्रदेश महामंत्री (संगठन) ने राष्ट्रीय अधिवेशन में उप्र से अपेक्षित प्रतिनिधियों के साथ शुक्रवार को वर्चुअल माध्यम से बैठक कर अधिवेशन के संदर्भ में विस्तृत चर्चा की। शनिवार को सुबह 10 बजे पार्टी के राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक होगी। दोपहर तीन बजे राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय अधिवेशन का शुभारंभ करेंगे।

अधिवेशन के अंतिम दिन प्रधानमंत्री का संबोधन
शनिवार को अधिवेशन के पहले दिन पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा प्रतिनिधियों को लोकसभा चुनाव से पहले जोश भरने का काम करेंगे। अधिवेशन के अंतिम दिन प्रधानमंत्री अपने संबोधन में लोकसभा चुनाव के मुद्दों और रणनीति के बारे में प्रतिनिधियों को अवगत कराएंगे। अधिवेशन स्थल पर विकसित भारत के संकल्प को प्रर्दशनी के माध्मय से प्रस्तुत किया जाएगा। भाजपा के प्रदेश महामंत्री संजय राय प्रतिनिधि प्रमुख के रूप में राष्ट्रीय अधिवेशन में उप्र से शामिल होने वाले प्रतिनिधियों से समन्वय का कार्य करेंगे।

ये लोग भी अधिवेशन का बनेंगे हिस्सा
राष्ट्रीय अधिवेशन में उप्र से केंद्रीय मंत्रीमंडल में शामिल मंत्री, प्रदेश से राष्ट्रीय व प्रदेश पदाधिकारी, राष्ट्रीय परिषद के सदस्य, मौजूदा और पूर्व सांसद, विधायक, विधान परिषद सदस्य, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष, लोकसभा क्लस्टर के प्रभारी व संयोजक, महापौर, नगर पालिका व नगर पंचायत के अध्यक्ष, जिला पंचायत अध्यक्ष, जिलाध्यक्ष, जिला प्रभारी, मोर्चों के प्रदेश अध्यक्ष, मीडिया, सोशल मीडिया और आइटी सेल के प्रदेश संयोजक आदि शामिल होंगे।

Related Articles

Back to top button