शिवपुरी से एक सनसनीखेज मामला आया सामने लाठियों से पीटकर तीन लोगों की हत्या

शिवपुरी। मध्य प्रदेश के शिवपुरी से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक पुराने विवाद के चलते शुक्रवार की रात ट्रिपल मर्डर को अंजाम दिया गया। दरअसल, दो पक्षों के बीच हुआ विवाद इतना ज्यादा बढ़ गया कि छह लोगों को कार सहित जिंदा फूंकने की कोशिस की गई और फिर लाठियों से पीट-पीटकर महिला सहित तीन लोगों को मौत के घाट उतार दिया गया।

क्या है पूरा मामला?
शिवपुरी जिले के नरवर पुलिस स्टेशन के अंतर्गत आने वाले चकरामपुर गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। बकौल पुलिस, दो महीने पहले गणेश विसर्जन के दौरान दोनों पक्षों में विवाद हुआ था। इसके बाद से तनातनी की स्थिति बनी हुई थी। दरअसल, एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के वीर सिंह कुशवाहा के बेटे दिनेश कुशवाहा को गोली मार दी।

पुलिस के मुताबिक, दिनेश कुमार को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं, दूसरी तरफ गोली मारने के बाद आरोपित पक्ष के लक्ष्मण सिंह भदौरिया, आशा भदौरिया, हिमांशु सेंगर, मुन्ना भदौरिया, योगेंद्र भदौरिया, राजा भदौरिया भागने की कोशिश कर रहे थे। इस दौरान दूसरे पक्ष के लोगों ने उनकी कार को घेर लिया और आरोपितों को वाहन से बाहर निकालने की कोशिश करने लगे।

कार में लगाई आग
भीड़ देखकर घबराने आरोपितों ने कार को भीतर से लॉक कर लिया। ऐसे में गुस्साए लोगों ने कार में आग लगा दी। जिसके बाद आरोपित कार से बाहर निकलने लगे तो दूसरे पक्ष के लोगों ने लाठियों से उन्हें जमकर पीटा। जिसकी वजह से महिला आशा भदौरिया सहित सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

घायल आरोपितों को नरवर स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, लेकिन उनकी स्थिति को देखते हुए उन्हें ग्वालियर रेफर कर दिया गया, जहां पर उपचार के दौरान लक्ष्मण सिंह, आशा भदौरिया और हिमांशु सेंगर की मौत हो गई। वहीं अन्य तीन आरोपितों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।

हत्या का मामला दर्ज
वहीं, दूसरी ओर इन लोगों पर जिस व्यक्ति को गोली मारने का आरोप लगा है, उसका भी ग्वालियर में ही इलाज चल रहा है। पुलिस ने दोनों पक्षों की ओर से बलवा सहित हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया।

आरोपित के घर पर चला बुलडोजर
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, आरोपित कुशवाह पक्ष के घर पर शनिवार की शाम को प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई करते हुए बुलडोजर चलाया। करैरा के एसडीओपी शिवनारायण मुकाती ने बताया कि दोनों पक्षों में पुरानी रंजिश के चलते झगड़ा हो गया था। अभी दोनों पक्षों की ओर से प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Back to top button