नशेबाज को ग्रामीणों ने दौड़ाया, सूखे कुएं में गिरा युवक

हमीरपुर : थाना सुमेरपुर के विदोखर गांव में बीती रात नशे की हालत में घूम-घूमकर गाली-गलौज कर रहे एक युवक को ग्रामीणों ने दौड़ा लिया। पकड़े जाने के भय से भागा युवक अपने ही घर के पास स्थित एक सूखे कुएं में जा गिरा। इससे हड़कंप मच गया। देर रात पुलिस और फायर ब्रिगेड की मदद से युवक को कुएं से निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। इलाज के बाद हालत में सुधार है।
विदोखर पुरई गांव निवासी 22 वर्षीय उत्तम सिंह बाहर रहकर मजदूरी करता है। करीब चार-पांच माह से गांव में ही रह रहा है। गुरुवार की देर शाम उत्तम सिंह नशे की हालत में गांव में घूम-घूमकर गाली-गलौज कर रहा था। इसे कुछ लोगों ने समझाने की कोशिश की तो झगड़े पर आमादा हो गया। जब लोगों से रहा नहीं गया तो उन्होंने इसे पीटने के इरादे से दौड़ा लिया। पिटाई के डर से मौके से भागा उत्तम सिंह अपने ही घर के पास स्थित एक सूखे कुएं में जा गिरा। इससे हड़कंप मच गया।
मौके पर पर ग्रामीणों का जमावड़ा लग गया। इसे निकालने का प्रयास किया गया, लेकिन सफलता नहीं मिली। तब तक पुलिस और फायर ब्रिगेड को भी घटना की सूचना दे दी गई। देर रात फायर ब्रिगेड की टीम ने मशक्कत के बाद उत्तम सिंह को कुएं से बाहर निकालकर पीएचसी सुमेरपुर पहुंचाया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद इसे सदर अस्पताल रेफर किया गया है।

Related Articles

Back to top button