कोहरे का कहर जारी, सर्द हवाओं ने बढ़ाई ठंड

अमेठी । बीते तीन दिनों से मौसम की बेरुखी बढ़ती जा रही है। कोहरे के चलते ठंड में लगातार इजाफा हो रहा है। दिन भर सर्द हवाओं के चलते दोपहर बाद निकली धूप भी लोगों को किसी तरह की राहत नहीं दे सकी।

मंगलवार की रात से ही कोहरे का प्रकोप शुरू हो गया था। गुरुवार को दोपहर बाद तक घना कोहरा छाया रहा। धुंध और कोहरे के चलते दृष्यता तकरीबन दस मीटर तक सिमट गई। दोपहर बाद ही कुछ देर के लिए लोगों को सूर्य के दर्शन हुए। बदली के चलते यह धूप बेअसर रही। वहीं शाम होते ही सर्द हवाओं ने अपना तेवर दिखाना शुरू कर दिया और देर शाम फिर कोहरा गिरने लगा। सर्दी मौसम ने अब पूरे जिले को अपनी गिरफ्त में ले लिया है। कोहरा, शीतलहर व पाले का कहर शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार जारी है। सर्द हवाओं के चलते लोगों को गलन से राहत नहीं मिली। सर्दी के सितम से सहमे लोग घरों में कैद रहने को विवश हैं। मौसम की बेरुखी से सार्वजनिक जगहों पर शाम ढलते ही सन्नाटा छा जाता है। जरूरी काम से ही लोग बाहर निकले। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि आगामी एक सप्ताह तक ठंड में इजाफा होता रहेगा। कोहरा और गलन से भी निजात नहीं मिलेगी। जिले का अधिकतम तापमान 21 डिग्री और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। सापेक्षिक आ‌र्द्रता अधिकतम 95 व न्यमनतम 73 प्रतिशत दर्ज की गई।

Related Articles

Back to top button