पड़ोसी से परेशान महिला ने यमुना पुल से नदी में लगाई छलांग, मजदूरों ने बचाई जान

हमीरपुर : एक महिला ने पड़ोसी युवक की हरकतों से परेशान होकर हमीरपुर पहुंचकर यमुना पुल के ऊपर से नदी में कूद गई। जिसे वहां मछली लेने गए मजदूरों ने बचा लिया है। महिला का आरोप है कि वह सुमेरपुर थाने गई थी लेकिन पुलिस ने सुनवाई नहीं की। जिससे आहत होकर उसने आत्मघाती कदम उठाया है। मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
कस्बा सुमेरपुर निवासी महिला ने बताया कि पड़ोसी युवक उसे कई दिनों से परेशान कर रहा था। फोन करके उससे अश्लील बातें करता था। जिससे वह काफी परेशान हो चुकी थी। बुधवार को वह तहरीर लेकर थाना सुमेरपुर पहुंची। जहां पर उसे भगा दिया गया। जिसके बाद वह महिला थाने आई। जहां उससे लड़के का नंबर पूंछा गया। नंबर न बताने पर महिला थाने से भी उसे टरका दिया गया। जिसके बाद महिला को कुछ नही सूझा और वह अपनी जीवन लीला समाप्त करने के लिए यमुना पुल पर पहुंच गई और तीसरी कोठी से छलांग लगा दी। इसी दौरान वहां पर मछली खरीद रहे मजदूर कालीचरण और अवधेश ने जब महिला को कूदते देखा तो वह नदी की तरफ भागे और नाव के सहारे नदी में कूदी महिला को पानी से बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। सूचना पर आए एसआइ दारा सिंह ने महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसने अपनी सारी दास्तां बताई।

इस घटना से पुलिस महकमें में खलबली मची हुई है। इस मामले में थानाध्यक्ष सुमेरपुर रामआसरे सरोज का कहना है कि पिछले तीन दिनों से इस तरह की कोई शिकायत लेकर उनके यहां कोई महिला नही आई है। जो आरोप लगाए जा रहे हैं वह गलत हैं। इस मामले में महिला थानाध्यक्ष कल्पना सिंह का कहना है कि इस नाम की कोई महिला थाने नही आई है। वहीं आज बैठक में थीं। स्टाफ में जो भी था उससे जानकारी की गई है। लेकिन ऐसी कोई महिला के थाने आने की बात नही बताई गई। वहीं सीओ सदर राजेश कमल ने बताया कि उन्होंने सुमेरपुर व महिला थानाध्यक्षों से इस बावत बात की है ऐसी कोई शिकायत न आने की बात बताई गई है। उन्होंने बताया कि पुलिस की पूछताछ में महिला ने सास ससुर से परेशान होकर कूदने की बात बताई है। लेकिन पति के द्वारा यह बताई जा रही है। जिसकी जांच कराकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button