यात्रियों की परेशानी जल्द होगी समाप्त, पनकी रेलवे लाइन पर जल्द शुरू होगा यातायात…

कानपुर| कानपुर में देर से ही सही, लेकिन पनकी रेलवे लाइन पर बन रहे दोनों ओवरब्रिज पर जल्द ही यातायात शुरू होने वाला है। पनकी धाम मंदिर मार्ग पुल मार्च में चालू हो जाएगा, तो पाॅवर हाउस के दूसरे तरफ बन रहे नहरिया पुल पर अप्रैल से वाहन फर्राटा भरने लगेंगे।

इससे क्षेत्र और आसपास के लाखों लोगों के अलावा पनकी धाम आने वाले भक्तों को बड़ी राहत मिलेगी। सेतु निगम ने 2021 में कालपी रोड के भाटिया तिराहे से पनकी धाम मंदिर मार्ग में निर्माणाधीन पॉवर हाउस के पास एक पुल (रेलवे ओवर ब्रिज) और पावर हाउस मार्केट के पास (नहरिया की तरफ) दूसरे पुल का निर्माण शुरू कराया था।

दोनों की लागत करीब 150 करोड़ रुपये थी। एक पुल की लंबाई करीब 700 मीटर और दूसरे की करीब 726 मीटर है। इनका निर्माण दो साल में पूरा होना था, पर पहले कोरोना काल का बहाना और बाद में अफसरों की लापरवाही से दोनों पुल अभी शुरू नहीं हो पाए। अब दोनों पुलों पर निर्माण तेजी से किया जा रहा है।

पनकी पॉवर हाउस मार्केट की तरफ स्थित दूसरे पुल का कुछ काम बाकी
पनकी मंदिर मार्ग स्थित पुल का काम 95 प्रतिशत से ज्यादा हो चुका है। इसमें रेलिंग लग रही है। पुल के दोनों तरफ के रैंप में गिट्टी बिछी है, सड़क का थोड़ा काम बाकी है। पनकी पॉवर हाउस मार्केट की तरफ स्थित दूसरे पुल का कुछ काम बाकी है। पुल के दोनों तरफ दुकानें और उनके आगे अतिक्रमण की वजह से संकरी गली की तरह सर्विसलेन नजर आई, जिसमें वाहनों को निकालने में दिक्कतें हो रही थीं।

तापमान कम होने के कारण पनकी धाम मंदिर मार्ग पुल की सड़क नहीं बनाई जा रही थी। अब तापमान बढ़ा है। सड़क बनाकर मार्च में इस पुल पर वाहनों का आवागमन शुरू कर दिया जाएगा। नहरिया की तरफ वाले पुल का भी 90 प्रतिशत निर्माण हो गया है। अप्रैल में इस पुल का निर्माण पूरा हो जाएगा। इसमें भी यातायात शुरू हो जाएगा।

लोगों ने कहा…
2021 से पुल का निर्माण चल रहा है, लेकिन रुक-रुक कर धीमी गति से हो रहा है। आने-जाने के दोनों रास्ते बंद हो गए हैं। अक्सर जाम लगता है। शुरू होने से बड़ी राहत मिलेगी।
धीमे निर्माण की वजह से तय समय में काम पूरा नहीं हो पाया। अफसरों को ध्यान देना चाहिए। जनता परेशान हो रही है। मार्च और अप्रैल में दोनों पुल शुरू हो जाते हैं तो अच्छा होगा।

Related Articles

Back to top button