हत्या के फरार तीन आरोपियों के घर पुलिस ने की कार्रवाई, हाजिर न होने पर संपत्ति होगी कुर्क…

भटनी, देवरिया। सिपाही महानंद यादव की हत्या के फरार तीन आरोपियों के घर पुलिस ने बृहस्पतिवार को 82 की कार्रवाई की। कार्रवाई के बाद एक सप्ताह में हाजिर नहीं होने पर संपत्ति कुर्क करने की बात कही जा रही है। तीनों आरोपी बिहार के गोपालगंज के भोरे थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। मामले में वाहन मालिक समेत छह आरोपी पहले ही गिरफ्तार कर लिए गए हैं।

गाजीपुर जिले के जमनिया थाना क्षेत्र के हरिबल्लमपुर गांव निवासी महानंद सिंह यादव यूपी पुलिस में कांस्टेबल के पद पर कार्यरत थे। उनकी तैनाती भटनी थाने में थी। 19 सितंबर 2023 की रात उनकी ड्यूटी होमगार्ड शशिभूषण पाण्डेय के साथ घांटी बाजार पुलिस चौकी के केरवनिया पुल पर लगे बैरियर पर थी। 20 सितंबर की भोर में शराब तस्करी की सूचना मिली। तभी एक चारपहिया वाहन खामपार की ओर से तेज गति से आता दिखा। सिपाही महानंद व होमगार्ड ने बैरियर गिराकर गाड़ी को रोकने का प्रयास किया। लेकिन वाहन में सवार शराब तस्कर सिपाही को रौंदते हुए मौके से भाग निकले।

जानकारी पर पहुंची पुलिस घायल सिपाही को गोरखपुर स्थित मेडिकल कॉलेज ले गई जहां उनकी मौत हो गई। दरोगा अंकित सिंह की तहरीर पर पुलिस ने वाहन मालिक विजय मांझी समेत दस अज्ञात पर हत्या का केस दर्ज किया। एसपी ने तीनों थानों की पुलिस के अलावा एसओजी को आरोपियों को पकड़ने की जिम्मेदारी सौंपी।

कुछ दिन बाद पुलिस ने सोनूघाट के पास चापहिया वाहन सवार छह शराब तस्करों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपियों ने सिपाही महानंद को कुचलकर मार डालने की बात स्वीकार की थी। जबकि मुख्य आरोपी विजय मांझी ने कोर्ट में सरेंडर कर दिया था। गिरफ्तार आरोपियों ने पुलिस की पूछताछ में गोपालगंज के भोरे थाना क्षेत्र के हुस्सेपुर निवासी अजय यादव, संजय यादव और रामपुर कला गांव निवासी कुंदन यादव के भी हत्या में शामिल होने की बात बताई।

तभी से पुलिस तीनों को गिरफ्तार करने के लिए लगातार दबिश दे रही है। बृहस्पतिवार को पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर फरार तीनों आरोपियों के घर 82 की कार्रवाई की। पुलिस ने सरेंडर नही होने पर संपत्ति कुर्क करने की चेतावनी दी है। क्षेत्राधिकारी भाटपाररानी शिव प्रताप सिंह ने बताया कि सिपाही महानंद यादव की हत्या में शामिल तीन आरोपियों के घर 82 की कार्रवाई की गई है। सरेंडर नहीं होने पर संपत्ति कुर्क की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button