दिल्ली में मानसून की रफ्तार थोड़ी धीमी…

नई दिल्ली। मानसून की रफ्तार थोड़ी धीमी पड़ जाने से उत्तर भारत में अभी भीषण गर्मी और लू की मार लंबी हो सकती है। 15 से 16 जून के आसपास ही मानसून धीरे-धीरे आगे बढ़ना शुरू होगा। इस बीच दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और राजस्थान में भीषण गर्मी एवं लू की मार जारी रहेगी।

केंद्रीय पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय के पूर्व सचिव राजीवन की एक्स पोस्ट पर स्काईमेट वेदर ने भी सहमति जताई है। यह भी बताया कि 20-21 जून के बाद बिहार सहित कई अन्य राज्यों में बूंदाबांदी शुरू हो जाएगी। इससे गर्मी से परेशान लोगों को कुछ राहत मिलेगी।

कहां कितना पहुंचा तापमान
ताजा जानकारी के मुताबिक, दोपहर ढाई बजे नरेला में 47 डिग्री, मुंगेशपुर में 47.8 डिग्री, पीतमपुरा में 46.3 डिग्री और नजफगढ़ में 47.3 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया है।

मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में आज बुधवार सुबह न्यूनतम तापमान 28.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के सामान्य से एक डिग्री ज्यादा है। सुबह 8 बजे आर्द्रता का स्तर 29 प्रतिशत दर्ज किया गया। शहर में आंशिक रूप से बादल छाए रहने, लू चलने और 25 से 35 किमी प्रति घंटे की रफ्तार वाली तेज हवाएं चलने की संभावना है।

Related Articles

Back to top button