रिकॉर्ड तोड़ती ठंड : पहाड़ों पर बर्फबारी से मैदानी इलाकों में गिरा पारा, लुधियाना में 3 डिग्री से नीचे पहुंचा तापमान

नई दिल्ली: पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी के चलते मैदानी इलाकों में भी ठंड बढ़ने लगी है। तापमान में गिरावट के साथ घना कोहरा भी छाने लगा है। इस बीच मौसम विभाग ने आज मैदानी इलाकों के कई राज्यों में बारिश की संभावना जताई है। मौसम विभाग (IMD) की मानें तो आज दिल्ली-एनसीआर में हल्की बूंदाबांदी के आसार हैं, जिससे तापमान में और गिरावट आ सकती है। आज का न्यूनतम पारा 5 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है, वहीं अधिकतम तापमान 23 डिग्री तक आ सकता है। वहीं मौसम विभाग के मुताबिक 22 दिसंबर को आसमान में बादल छाए रहेंगे और सड़कों पर हल्का कोहरा छाया रहेगा।

इस दौरान ठंडी हवाएं भी चल सकती हैं। इसके अलावा शुक्रवार रात को भी बारिश और बूंदाबांदी हो सकती है। आईएमडी के मुताबिक 23-24 दिसंबर को पंजाब, हरियाणा और उत्तराखंड में बारिश हो सकती है। हालांकि पंजाब के लुधियाना जिले में 2.8 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। जबकि मौसम विभाग के अनुसार हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में 22 से 24 दिसंबर तक मध्यम बारिश हो सकती है। मौसम में बदलाव के साथ ही यूपी में अब घना कोहरा भी छाने लगा है। आज मेरठ और अलीगढ़ में शीतलहर के साथ घना कोहरा छाया दिखा। बिहार के कई शहरों के तापमान में इजाफा होने के आसार हैं। इससे अगले 4 दिनों तक ठंड कम हो सकती है। हालांकि, यहां घना कोहरा छाया रहेगा, जिससे विजिबिलिटी में भी कमी आएगी। हिमाचल में कई शहरों में इतनी ज्यादा ठंड पड़ रही है कि पीने का पानी भी जम गया। लाहुल घाटी में पेयजल पाइप ही ठंड में जम गई। ग्रामीण लोग कई मीटर दूर से पानी लाने को मजबूर हैं।

Related Articles

Back to top button