पंजाब कांग्रेस के नेताओं के विरोध को माना जा रहा राज्य में आप से समझौता न होने का कारण…

चंडीगढ़। पंजाब में देश की सबसे पुरानी पार्टी कांग्रेस की स्थिति ‘सांप-छबुंदर’ वाली हो गई है। पंजाब में फजीहत के बावजूद आम आदमी पार्टी (आप) के ‘साथ’ के लिए कांग्रेस मजबूर है। कांग्रेस ने आइएनडीआइए के घटक दल आप के साथ केंद्र शासित प्रदेश व पंजाब की राजधानी चंडीगढ़ समेत हरियाणा, दिल्ली, गुजरात और गोवा में समझौता किया है।

पंजाब कांग्रेस के नेताओं के विरोध के कारण पंजाब में यह समझौता नहीं हो पाया। इस कारण पंजाब में कांग्रेस को फजीहत का सामना करना पड़ रहा है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पंजाब के नेताओं के साथ-साथ उनके शीर्ष नेतृत्व सोनिया गांधी और राहुल गांधी पर भी हमले करने शुरू कर दिए हैं। इसके बावजूद पंजाब कांग्रेस के नेता हाईकमान से आप से अलग होने की गुहार नहीं लगा सकते हैं।

मान की समझौता खत्म करने की चुनौती
मुख्यमंत्री ने पंजाब कांग्रेस के नेताओं को यहां तक चुनौती दे दी कि अगर उनकी केंद्रीय नेतृत्व तक चलती है तो वे सोनिया गांधी और राहुल गांधी से कहकर आप से हुआ समझौता खत्म करवाकर दिखाएं। पंजाब विधानसभा के बजट सत्र के दौरान मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कांग्रेस पर हमला करने का कोई मौका नहीं छोड़ा।

अहम बात यह है कि मुख्यमंत्री ने राहुल गांधी पर तीखे हमले किए। उन्होंने कहा कि दिल्ली में लोकसभा का अंतिम बजट सत्र चल रहा था और राहुल गांधी यात्रा निकाल रहे थे। यात्रा का जिक्र करते हुए भगवंत मान ने कहा कि जनवरी, 2023 में जब राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा पंजाब में आ रही थी तो उसके लिए कांग्रेस के राष्ट्रीय स्तर के नेता सुरक्षा मांगने के लिए मेरे घर आए। सुरक्षा में उन्होंने मांगा कि कोई भी आम आदमी राहुल गांधी के नजदीक फटकने न पाए।

Related Articles

Back to top button