दिल्ली सीएम की गिरफ्तारी को लेकर आप कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट में किया प्रदर्शन

बलिया। आम आदमी पार्टी के ​मुखिया व दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल की गिरफ्तारी को लेकर शुक्रवार को आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट स्थित जिलाधिकारी कार्यालय पर नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओ ने केन्द्र की भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए ईडी और सीबीआई के छापे पर सवाल खड़ा किया। उन्होंने लोगों से तानाशाह मोदी सरकार को उखाड़ फेेकने का आह्वान किया।
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष सुशांत राज भारत ने कहा कि पीएम मोदी लगातार दिल्ली में अरविंद केजरीवाल से हार रहे हैं और आम आदमी पार्टी के बढ़ते कद से परेशान होकर आम आदमी पार्टी को कुचलने के लिए वह ईडी और सीबीआई के पीछे खड़े होकर वार कर रहे हैं। जिसे शराब घोटाले में अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया, संजय सिंह जैसे बड़े-बड़े नेताओं की गिरफ्तारी हुई है, उस मामले में ईडी और सीबीआई ने 1546 बार छापे डाले हैं, लेकिन एक चवन्नी तक नहीं मिली है जो स्पष्ट बताता है कि यह घोटाला फर्जी है मनगढ़ंत है। आम आदमी पार्टी को समाप्त करने के लिए मोदी सरकार के द्वारा रची हुई एक साजिश है। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि वे आगामी चुनाव में तानाशाह मोदी के विरोध में भारी से भारी मतदान करें। ताकि भारतीय जनता पार्टी की सरकार को जड़ से उखाड़ा जा सके। तभी देश में अमन चैन और कानून का राज आयेगा। इस मौके पर सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button