राष्ट्रवादी विचारधारा के झंडाबरदार थे संतोष शुक्ला : राजनाथ

वरिष्ठ भाजपा नेता मनीष शुक्ला के पिता का निधन, इलाहाबाद में होगा अंतिम संस्कार

बाराबंकी। भाजपा के वरिष्ठ नेता मनीष शुक्ला के पिता संतोष कुमार शुक्ला का सोमवार को निधन हो गया। वे 81 वर्ष के थे। वह अपने पीछे पत्नी और दो पुत्र समेत भरा पूरा परिवार छोड़ गए। उनके बड़े पुत्र आनंद शुक्ला चित्रकूट जिले से भाजपा विधायक रहे हैं। वहीं छोटे पुत्र मनीष शुक्ला भाजपा के वरिष्ठ नेता हैं। स्व संतोष कुमार शुक्ला पिछले कई दिनों से बीमार चल रहे थे। उनका इलाज राजधानी लखनऊ के डॉ राममोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान में चल रहा था। जहां उन्होंने अंतिम सांसे ली। मंगलवार को इलाहाबाद में उनके शव का अंतिम संस्कार किया जाएगा। निधन की खबर से दुखी गांधी जयंती समारोह ट्रस्ट के अध्यक्ष राजनाथ शर्मा ने संतोष कुमार शुक्ला के निधन पर गहन शोक व्यक्त किया है। शर्मा ने स्वर्गीय संतोष शुक्ला के पुत्र मनीष शुक्ला एवं शोकाकुल परिवारजनों के प्रति भी अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं। शर्मा ने बताया कि स्व संतोष कुमार शुक्ला अपने ज़माने में जनसंघ से जुड़ी राष्ट्रवादी विचारधारा के बड़े झंडाबरदार थे, उनके विचार बहुत स्पष्ट और खुले हुए थे। स्वर्गीय संतोष शुक्ला ने यशस्वी जीवन जिया। उन्होंने अपने सुदीर्घ जीवन में अपनी पारिवारिक जिम्मेदारियों के साथ ही सार्वजनिक जीवन से जुड़ी जिम्मेदारियों का भी निर्वहन किया है। श्री शर्मा ने कहा कि स्व संतोष कुमार शुक्ला के साथ उनके निजी संबंध थे और उनकी कमी हमेशा उन्हें खलती रहेगी। वह एक निष्ठावान और ईमानदार व्यक्ति थे। उन्होंने अपने बच्चों को मानवता और प्रेम के साथ समर्पण और सहिष्णुता का पाठ पढ़ाया, जो उनके अब न रहने के बावजूद ज़माने को छाँव देता रहेगा। स्व संतोष कुमार शुक्ला के निधन पर समाजसेवी कुलवीर चौधरी, अशोक शुक्ला, मृत्युंजय शर्मा, विनय कुमार सिंह, सत्यवान वर्मा, धनंजय शर्मा, पाटेश्वरी प्रसाद, साकेत संत मौर्य, रणंजय शर्मा, अशोक जायसवाल, सभासद अश्वनी शर्मा, राजेश यादव, पत्रकार संतोष शुक्ला, मनीष सिंह आदि ने शोक जताया है।

Related Articles

Back to top button