गुरुग्राम के एक ढाबे पर रोटी न बनाने को लेकर हुए विवाद में सहकर्मी की हत्या

गुरुग्राम। सेक्टर 10 थाना क्षेत्र के बसई एन्क्लेव स्थित अग्रवाल ढाबे में कार्यरत एक व्यक्ति ने अपने सहकर्मी की सिर में अंगीठी मारकर हत्या कर दी। रोटी बनाने को लेकर दो कर्मियों में झगड़ा हुआ था। इसके बाद ही आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने हत्या के आरोपी को शुक्रवार रात गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अुनसार शुक्रवार सुबह सेक्टर 10 थाना पुलिस को ढाबे में एक कर्मचारी की हत्या होने की सूचना मिली। ढाबा के अंदर तखत पर शव लहुलुहान में अवस्था में मिला। व्यक्ति की पहचान जम्मू के आरएसपुरा के गांव भड़ियाल काजिया निवासी 52 वर्षीय दर्शन लाल के रूप में हुई।

ढाबा मालिक दीपक ने पुलिस को बताया कि वह रात में ढाबे से घर चला गया था। जब सुबह आया तो दर्शन का शव बरामद हुआ। दर्शन के चेहरे पर चोटों के निशान थे। केस दर्ज करने के बाद क्राइम ब्रांच सेक्टर 10 और थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पूछताछ में पता चला कि ढाबे का एक कर्मचारी उत्तर प्रदेश के कासगंज के गांव नाथूपुर निवासी करण लापता है। शक होने पर पुलिस ने शाम को उसे ओल्ड फरीदाबाद से पकड़ लिया पूछताछ में उसने हत्या की वारदात स्वीकार की।

आरोपी को पुलिस ने घर भागने के दौरान पकड़ा
आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह ढाबे पर खाना परोसने और दर्शन लाल बर्तन साफ करने का काम करते थे। दोनों रात को ढाबे पर ही रहते थे। गुरुवार रात दोनों ने एक साथ शराब पी। ढाबे पर खाने के लिए चावल बने थे। करण ने दर्शन से रोटी बनाने के लिए कहा तो उसने मना कर दिया। इस बात को दोनों में झगड़ा हुआ। इसके बाद करण ने दर्शन के सिर में अंगीठी मार दी और वहां से भाग गया। पुलिस से बचने के लिए वह गांव जा रहा था। रास्ते से ही पुलिस ने उसे धर दबोचा। उसके पास से एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है।

Related Articles

Back to top button