मेयर इलेक्शन के परिणाम के खिलाफ आप का प्रदर्शन, रोके जा रहे कार्यकर्ता, आतिशी का भाजपा पर निशाना…

नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी चंडीगढ़ मेयर इलेक्शन के चुनाव परिणाम के खिलाफ आज दिल्ली में प्रदर्शन कर रही है। हालांकि इससे पहले ही दिल्ली पुलिस ने इस प्रदर्शन को रोकने के लिए जगह-जगह बैरिकेडिंग लगा दी है।

इसके साथ ही प्रदर्शन में शामिल होने पंजाब और हरियाणा से आ रहे आप कार्यकर्ताओं को पुलिस ने सिंघु व टीकरी बॉर्डर पर रोक लिया। इसके खिलाफ आप के संयोजक अरविंद केजरीवाल से लेकर आतिशी सौरभ भारद्वाज व तमाम नेता अपने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर रहे हैं।

टीकरी बॉर्डर पर भी रोके जा रहे कार्यकर्ता
टीकरी बार्डर पर भी आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं को रोका जा रहा है। हालांकि यहां पर आने वाले कार्यकर्ताओं की संख्या काफी कम है।

पुलिसकर्मियों का कहना है कि किसी को भी रोका नहीं जा रहा है। ज्यादातर लोग बहादुरगढ़ से मेट्रो में सवार होकर दिल्ली पहुंच चुके हैं। उन्हें कैसे रोका जाए।

पुलिसकर्मियों का कहना है कि सिर्फ उन लोगों को रोका जा रहा है जो गाड़ी पर या तो झंडा लगाकर आ रहे हैं या उन्होंने गाड़ी पर कोई बैनर लगाया हुआ है।

पहले वोट चोरी किए अब…
दिल्ली के मुख्यमंत्री और आप संयोजक केजरीवाल का दावा है कि पूरी दिल्ली में बैरिकेडिंग कर उनकी पार्टी के कार्यकर्ताओं को दिल्ली आने से रोका जा रहा है। उन्होंने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, ‘पहले चंडीगढ़ मेयर चुनाव में वोट चोरी किए। अब इसके खिलाफ शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने आ रही जनता को जगह-जगह दिल्लीभर में रोका जा रहा है।

आतिशी ने पूछा क्यों डरी हुई है भाजपा
आम आदमी पार्टी की नेता और दिल्ली सरकार में मेंत्री आतिशी ने कहा कि पूरी दिल्ली में भारी संख्या में बैरिकेड लगा दिए गए हैं। सैकड़ों की संख्या में पैरा-मिलिट्री फोर्स आप दफ्तर के बाहर तैनात है। आखिर भाजपा चंडीगढ़ मेयर चुनाव के परिणाम के खिलाफ प्रदर्शन से इतनी डरी हुई क्यों है ?

कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेने के बाद क्या बोली पुलिस
दिल्ली पुलिस का कहना है कि उसने सिंघु बॉर्डर पर 25 आप कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया है। वह सभी पार्टी के पंजाब और हरियाणा इकाई के कार्यकर्ता हैं।

पुलिस को शक है कि वह आज दिल्ली में होने वाले पार्टी के प्रदर्शन में भाग लेने जा रहे हैं। 25 के साथ ही कुछ अन्य कार्यकर्ताओं को भी रोका गया है। पुलिस ने साफ किया है कि जिन्हें भी हिरासत में लिया गया है उन्हें वेरिफिकेशन के बाद बॉर्डर से आगे जाने दिया जाएगा।

Related Articles

Back to top button