कर्ज से परेशान कबाड़ वाले ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, जंगल में लटका मिला शव.

घटना की सूचना मिलने पर सीओ व कोतवाल ने मौके पहुंचकर की जांच पड़ताल
हमीरपुर : शहर के रोहाइन नाला के निकट कबाड़ का काम करने वाले 45 वर्षीय युवक का शव फंदे से लटका मिलने से हड़कंप मच गया। इस युवक ने एक लोडर फाइनेंस कराया था, जिसकी किस्तें अदा करना उसके लिए मुसीबत बन गया था। जिसके कारण वह काफी परेशान चल रहा था। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया है। घटना से मृतक के घर कोहराम मचा हुआ है।
पुराना यमुना घाट निवासी मजीद कबाड़ का काम करता था। उसकी कालपी चौराहा स्थित भाईमियां की चक्की के निकट दुकान है। मजीद ने कबाड़ का काम करके एक लोडर भी फाइनेंस कराया था। जिसकी किस्तें अदा करना उसके गले की फांस बनी थी। कल सुबह मजीद का लोडर माल लोड करके घाटमपुर गया था। कल ही फाइसेंस कंपनी के एजेंट से किस्त को लेकर मजीद की कहासुनी भी हुई थी। मजीद ने शाम के लोडर के आने पर किस्त देने की बात कही थी। पड़ोसियों ने बताया की मजीद शाम से ही परेशान घूम रहा था। उसके हाथ में रस्सी भी देखी गई थी। रात भर मजीद घर नहीं पहुंचा। शुक्रवार की सुबह मजीद का शव सिटी फॉरेस्ट के ठीक सामने रोहाइन नाला की तरफ मिट्टी के ऊंचे-नीचे टीलों के बीच एक पेड़ से लटका मिलने से हड़कंप मच गया। इसकी सूचना आसपास के लोगों ने पुलिस को दी। जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना स्थल की छानबीन शुरू कर दी। शव की शिनाख्त भी फौरन ही हो गई। पुलिस ने मृतक की जेब सेे उसका स्विच ऑफ मोबाइल भी बरामद किया है। पड़ोसियों का कहना है कि मजीद कुछ वक्त से आर्थिक तंगी का भी शिकार था। सीओ सदर राजेश कमल ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। मौत के सही कारणों की जानकारी के लिए शव को पोस्टमार्टम को भेजा जा रहा है। घटना स्थल की छानबीन भी की गई है। मृतक अपने पीछे पत्नी और दो बच्चों 15 वर्षीय पुत्री और 18 वर्षीय पुत्र को बिलखता छोड़ गया है।

Related Articles

Back to top button