सपा करेगी गुटबाजी पर लगाम लगाने और आधार वोट यादव साधने के लिए पहल…

बरेली। पीलीभीत से भगवत सरन गंगवार को लोकसभा प्रत्याशी बनाने के बाद बरेली से सपा के बड़े नेताओं को लखनऊ बुलाया गया है। चर्चा है कि गुटबाजी पर लगाम लगाने और आधार वोट यादव साधने के लिए यह पहल की जा रही है।

सपा ने भगवत सरन गंगवार पर दांव चलकर बरेली में भी कुर्मी वोटों को साधने की कोशिश की है। बरेली में प्रवीन सिंह ऐरन को पहले ही प्रत्याशी घोषित किया जा चुका है। पार्टी में जिलाध्यक्ष का पद कश्यप समाज से जुड़े शिवचरन कश्यप के पास है। महानगर अध्यक्ष शमीम खां सुल्तानी मुस्लिम वर्ग से जुड़े हैं। ऐसे में सपा के आधार वोट यादव वर्ग के पास कोई बड़ी जिम्मेदारी नहीं है।

पार्टी में एक बड़ा धड़ा यादव समाज से जिलाध्यक्ष बनाने या बड़ी जिम्मेदारी सौंपने के लिए आवाज उठाता रहा है। पिछले दिनों बैठकों में उपेक्षा से आहत होकर यादव और मुस्लिम नेता अपना दर्द सार्वजनिक रूप से बयां कर चुके हैं। अब पीलीभीत में भी गैर यादव को टिकट मिलने से यादव नेताओं की नाराजगी स्वाभाविक है।

जातीय समीकरण साधने की कोशिश
ऐसे में माहौल को साधने और सभी सीटों पर दमदारी से चुनाव लड़ाने के लिए जातीय समीकरण साधने की पहल की जा रही है। बृहस्पतिवार को पार्टी मुखिया अखिलेश यादव ने जिलाध्यक्ष समेत अन्य वरिष्ठ नेताओं को लखनऊ बुलाया है। दो नेता बुधवार रात ही लखनऊ पहुंच गए हैं। माना जा रहा है कि बृहस्पतिवार को मुलाकात के बाद संगठन स्तर पर बदलाव हो सकते हैं।

सपा की बैठक में बूथों को मजबूत करने पर चर्चा
सपा कार्यालय पर हुई बैठक में युवजन सभा एवं समाजवादी यूथ ब्रिगेड के जिला संगठन का विस्तार कर सभी पदाधिकारी को पत्र वितरण किए गए। जिलाध्यक्ष शिवचरन कश्यप ने कहा की 2024 का लोकसभा चुनाव खासा महत्वपूर्ण है। सपा कार्यकर्ता एकजुट होकर प्रयास करेंगे तो हर बूथ पर जीत दर्ज कर सकते हैं। महानगर अध्यक्ष शमीम खां सुल्तानी ने कहा की समाजवादी पार्टी ने हमेशा युवा राजनीति को आगे बढ़ाने का काम किया है।

कार्यक्रम की सभी वरिष्ठ नेताओं ने अपने विचार व्यक्त किया। समाजवादी युवजन सभा के जिला अध्यक्ष डॉ. मोहित भारद्वाज व यूथ ब्रिगेड के जिला अध्यक्ष एजाज अहमद ने युवा कार्यकर्ताओं से हर बूथ पर संगठन को मजबूत करने के लिए कहा। बैठक में शमीम खान सुल्तानी, सुप्रिया ऐरन, मयंक शुक्ला, स्वाले चौधरी, शिव प्रताप यादव, प्रमोद बिष्ट , हैदर अली, प्रशांत यादव, अमन यादव आदि मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button