महाराणा प्रताप की प्रतिमा को सपाइयों ने किया अपमानित

मैनपुरी। शनिवार शाम समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रोड शो के दौरान प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को लेकर गाली गलौज की गई थी। रोड शो समाप्त होने के बाद सपा कार्यकर्ताओं ने करहल चौराहे पर हंगामा कर महाराणा प्रताप की प्रतिमा को अपमानित किया था। इन मामलों को लेकर कोतवाली में दो प्राथमिकी दर्ज कराई गई हैं।

जानकारी मिलने पर पुलिस पहुंच गई। पुलिसकर्मियों ने बमुश्किल उपद्रवी कार्यकर्ताओं को वहां से खदेड़ा। घटना की जानकारी मिलने पर भाजपा कार्यकर्ता आक्रोशित हो गए। करहल चौराहे पर भाजपाइयों की भीड़ जमा होने लगी। भाजपा कार्यकर्ता उपद्रवियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे थे।

मौके पर पहुंचे भाजपाइयों ने जताया रोष
मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने भाजपा कार्यकर्ताओं को कार्रवाई का आश्वासन दिया और उनका आक्रोश शांत कराया। घटना को लेकर एक प्राथमिकी कोतवाली के उपनिरीक्षक हरिभान सिंह गौतम ने सौ अज्ञात समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं के खिलाफ दर्ज कराई है।

जिसमें कहा गया है कि हाथ में समाजवादी पार्टी का झंडा लेकर और लाल टोपी लगाकर पैदल व बाइकों से आए सपा कार्यकर्ताओं ने महाराणा प्रताप की मूर्ति पर चढ़कर अभद्र शब्दों का प्रयोग किया। वरिष्ठ नेताओं को लेकर भी अभद्र शब्दों का प्रयोग किया गया। जिससे लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंची। इसके साथ ही बिना अनुमति गुब्बारे और झंडों की लड़ी चौराहे पर बांध दी गई।

Related Articles

Back to top button