हमीरपुर में गर्मी का कहर, लू लगने से मासूम बच्ची समेत 19 लोगों की मौत

हमीरपुर : भीषण गर्मी और लू की चपेट में आकर मरने वालों की संख्या रोज बढ़ रही है। जनपद में अलग-अलग स्थानों पर 19 लोगों की मौत हुई है। अकेले मौदहा तहसील क्षेत्र में 12, सुमेरपुर ब्लाक में पांच, राठ और कुरारा में एक-एक व्यक्ति की मौत हुई है। मरने वालों में नवजात शिशु, मासूम बच्ची सहित उम्रदराज लोगों की संख्या सर्वाधिक है। सुमेरपुर क्षेत्र में एक नवजात सहित पांच लोगों की मौत हो गई। मौदहा क्षेत्र में 11 लोगों की अलग-अलग मौतें हुई है। जबकि चौबीस घंटे के अंदर सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में हीट स्ट्रोक और लू लगने से करीब 92 लोगों को भर्ती कराया गया है। जिनमें नौ को गंभीर हालत में रेफर किया गया है।

शुक्रवार को सुमेरपुर के कैथी गांव निवासी पांच वर्षीय अंशिका पुत्री लक्ष्मी निषाद लू की चपेट में आ गई। तेज बुखार के बाद उसकी मौत हो गई। कस्बे के इमिलिया थोक में लू से तीन वृद्धों की मौत हो गई। इनमें 70 वर्षीय शिवदेवी मिश्रा, 75 वर्षीय रामअवतार तिवारी व 65 वर्षीय गायत्री वर्मा शामिल है। परिजनों के अनुसार भीषण गर्मी एवं लू की चपेट में आकर मौत हुई है। इस तरह भौंरा गांव में हरीशचंद्र निषाद के छह दिन के नवजात पुत्र की गर्मी के चलते मौत हो गई। मौदहा में दोपहर बाद खप्टिहा बांदा निवासी 45 वर्षीय छेदीलाल नगर के जहूरूल्ला सेवानिवृत्त रेंजर के फॉर्म हाउस में राजमिस्त्री का काम करता है। वह गुरुवार की दोपहर बाद फार्म हाउस जा रहा था, तभी वह तबियत बिगड़ने पर अरतरा मार्ग पर बनी झुग्गी के अंदर जाकर लेट गया।

शुक्रवार की सुबह उसका शव उसी झोपड़ी के अंदर मिलने से उसके परिवार में कोहराम मच गया। उसकी मौत का कारण अत्यधिक गर्मी या लू लगना माना जा रहा है। गुरुवार की शाम थानाक्षेत्र बिवांर के ग्राम लदार में 48 वर्षीय फूला पत्नी लल्लू ठेकेदार व 70 वर्षीय सरस्वती पत्नी मैदा वर्मा की लू लगने से मौत हो गई। लल्लू ने बताया कि गुरुवार की शाम फूला की अचानक हालत बिगड़ गई। शुक्रवार की सुबह जब उसे अस्पताल लेकर जा रहे थे, तभी रास्ते में उसकी मौत हो गई। वहीं लदार निवासी राजा भैया ने बताया कि उसकी छह माह की नातिन अपने मां के साथ ननिहाल में थी। गुरुवार की शाम अचानक उसकी हालत बिगड़ गई। गांव में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मौत का कारण लू लगना बताया जा रहा है।

हिमौली निवासी शहीद ने बताया कि उसका 72 वर्षीय पिता कल्लू धम्मा गर्मी लगने के कारण घर के बाहर पेड़ के नीचे जाकर बैठ गया, जहां थोड़ी ही देर बाद उसकी हालत बिगड़ गई। बेहोशी हालत में जब उसे अस्पताल ले जाने की व्यवस्था की जा रही थी तभी उसकी मौत हो गई। शहीद भी पिता की मौत लू लगने के कारण बता रहा है। इसी गांव के 90 वर्षीय हबीब अहमद की जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। हबीब को हीट स्ट्रोक के बाद अस्पताल लाया गया था। 23 वर्षीय अंजना पुत्री रामविशाल निवासी रतौली व 75 वर्षीय गयाप्रसाद निवासी भुगैचा की भी मौत लू लगने से हो गई। गया प्रसाद की बहन गंगा देवी ने बताया कि भाई गुरुवार को अपनी भैंस चराने खेतों की ओर गया था। उसकी भैंस तो शाम को घर आ गई, लेकिन उसके घर न पहुंचने पर लोगों ने उसकी तलाश की तो खेत में गया प्रसाद मृतावस्था में पाया गया। उसकी बहन भी अपने भाई के मौत का कारण लू लगना बता रही है।

इसी तरह 30 वर्षीय पप्पू पुत्र शिवशंकर निवासी अरतरा को मौदहा से जिला अस्पताल रेफर किया गया था। जिसकी वहां पहुंचने से पूर्व ही मौत हो गई। परिजनों के अनुसार पप्पू भी लू की चपेट में आकर बीमार हुआ था। इसी तरह भवानी गांव निवासी 72 वर्षीय हल्कू की गांव में पेड़ केनीचे बैठे-बैठे हालत बिगड़ गई। पुत्र मैकू ने बताया कि अस्पताल लाने से पहले ही पिता की मौत हो गई। गहबरा गांव निवासी 63 वर्षीय जागे की दिन में घर में सोते समय ही मौत हो गई। पुत्र इंदल ने बताया कि लू लगने की वजह से तबियत खराब थी। उसी में मौत हो गई। अलीपुरा निवासी 65 वर्षीय सभारानी शुक्रवार को दिन में पशुबाड़े में काम करती रही। घर लौटकर आई तो हालत बिगड़ गई।

पुत्र गया प्रसाद ने बताया कि मां को इलाज के लिए अस्पताल लाने की तैयारी में थे, तभी मौत हो गई। कुरारा थानाक्षेत्र के कुसौलीपुरवा गांव निवासी 38 वर्षीय कौशल किशोर पुत्र रामबली यादव ने गांव में जायद की फसल में मूंग की फसल बोई थी। शुक्रवार को पानी लगा रहा था। तभी लू की चपेट में आने से उसकी हालत बिगड़ गई। इलाज के दौरान कौशल ने दम तोड़ दिया। जरिया थानाक्षेत्र के तुरना गांव निवासी धर्मेंद्र ने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब दस बजे वह अपने 65 वर्षीय दादा कालीचरण अहिरवार के साथ राठ आया था। राठ आने पर बाबा ने उसे सोनी के यहां जाने की बात कही। इसके बाद वह अपने सिम का नंबर बदलवाने के लिए चला गया। कुछ देर बाद दादा हमीरपुर रोड स्थित अंबे पैलेस के पास सड़क पर अचेतावस्था में पड़े मिले। सूचना पर पहुंची पुलिस ने 108 एंबुलेंस से कालीचरण को सीएचसी में भर्ती कराया। जहां डॉ.अखिलेश सिंह ने चेकअप के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

Related Articles

Back to top button