घर में घुसे चोरों ने नगदी समेत 8 लाख की संपत्ति पर किया हाथ साफ

फतेहपुर-बाराबंकी। कोतवाली क्षेत्र के खेरिया वार्ड में मंगलवार रात एक घर में घुसे चोर 30हजार की नकदी समेत तीन भाइयों की करीब आठ लाख की संपत्ति बटोर ले गए। घरवालों की सूचना पर रात में ही पीआरवी पुलिस पहुंची, लेकिन चोरों का कोई सुराग नही लग सका।
मालूम हो कोतवाली क्षेत्र के ग्राम खेरिया में सगे भाई अरविंद वर्मा, देवेंद्र व नरेंद्र एक ही मकान में रहते हैं। अरविंद की फतेहपुर में पटेल चौक पर मोबाइल फोन आदि की दुकान है। नरेंद्र यहीं एक अस्पताल में काम करता है। पिता हरिश्चंद्र कोल्ड स्टोर में मुंशीगिरी करते हैं। इनके घर के पीछे खुशीराम वर्मा का मकान है। मंगलवार रात तीनों भाई घर के ऊपर बने कमरों में परिवार के साथ सो रहे थे। देर चोर खुशीराम के घर से अरविंद की छत पर आ गए। छत पर लोहे का दरवाजा खोलकर चोर नीचे उतर आए। इसी के बाद घर के कमरे खंगालते हुए अरविंद के कमरे में बक्से से सोने के कई जेवर, देवेंद्र के सोने चांदी के जेवर व 30हजार नकद तथा नरेंद्र के कई जेवर, कीमती बर्तन, तमाम कपड़े आदि बटोर कर उसी रास्ते बाहर निकल गए। करीब डेढ़ बजे देवेंद्र नीचे गए तो बिखरा सामान देख होश उड़ गए। उसकी चीख पुकार सुन घर के तथा वार्ड निवासी तमाम लोग एकत्र हो गए। अरविंद ने 112 पर सूचना दी तो पुलिस भी पहुंच गई। सभी ने आसपास काफी खोजबीन की। पर, चोरों का कोई सुराग नही लग सका। चोरी गयी सम्पत्ति की कीमत करीब आठ लाख आंकी गई है। घटना की जानकारी मिलते ही सुबह सीओ रघुबीर सिंह ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। वही पीड़ित अरविंद वर्मा ने अज्ञात चोरों के खिलाफ घटना की तहरीर कोतवाली में देकर न्याय की गुहार लगाई है। 

Related Articles

Back to top button