जमाना वंदे भारत का है, कांग्रेस खजुराहो में साइकिल पर चल रही हैः स्मृति ईरानी

पन्ना। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पूरा देश अबकी बार 400 पार का रास्ता देख रहा है। खजुराहो लोकसभा क्षेत्र में तो कांग्रेस पार्टी ने मैदान छोड़ दिया है, समाजवादी पार्टी को उम्मीदवार नहीं मिल रहे हैं। उत्तर प्रदेश से प्रत्याशी लेकर समाजवादी पार्टी आई, फिर दो दिन बाद ही प्रत्याशी बदल दिया। मैं उस क्षेत्र से सांसद हूं, जहां पर पांच दशक तक एक खानदान का ही राज रहा है। उस क्षेत्र में कभी माथे पर तिलक लगाना, होंठों पर राम का नाम होना राजनीतिक अभिशाप माना जाता था। उस क्षेत्र में कांग्रेस का हाथ तो था ही, संग-संग साइकिल भी चलती थी, लेकिन भाजपा के कार्यकर्ताओं ने हाथ को साफ किया और साइकिल को पंचर कर दिया। यह जमाना है वंदे भारत का, लेकिन वह आज भी साइकिल पर चलते हैं।

यह बात केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी ने बुधवार को पन्ना में रोड शो एवं जनसभा को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि आप ने पिछला चुनाव जिताकर जिस कमल के पुष्प को दिल्ली भेजा था, आज वह स्वर्ण कमल का फूल बनकर आपकी सेवा में सदैव तत्पर है। जनसभा को मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा, लोकसभा चुनाव के प्रदेश प्रभारी डॉ महेन्द्र सिंह, कैबिनेट मंत्री प्रहलाद पटेल, वरिष्ठ नेता सुरेश पचौरी एवं पूर्व मंत्री व विधायक बृजेन्द्र प्रताप सिंह ने भी संबोधित किया।

जनता का विश्वास भाजपा की ताकतः स्मृति ईरानी
केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि यह कर्मठ कार्यकर्ताओं के संकल्प और संगठन कौशल का ही परिणाम है कि विरोधी पार्टी ने हथियार डालकर, टिकट बदलकर भाजपा की जीत का संकेत दे दिया है। मैं पार्टी प्रत्याशी और प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा को उनकी जीत की अग्रिम बधाई दे रही हूं और यह कोई दुस्साहस या अहंकार नहीं है। जनता ने हमारी सेवा को देखा, जाना, परखा और फिर से हम पर विश्वास किया। यह मध्यप्रदेश के पार्टी संगठन और कार्यकर्ताओं की सबसे बड़ी ताकत है। आज मैं इसी ताकत को नमन करने आई हूं। लोकसभा चुनाव में कांग्रेस की हार का सबसे पहला संकेत यह है कि उन्होंने हमारी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष के सामने चुनाव लड़ने से इंकार कर दिया। दूसरा संकेत यह है कि विधानसभा चुनाव में जो दल एक-दूसरे को फूटी आंख नहीं सुहाते थे, वो सीटों का तालमेल कर रहे हैं।

Related Articles

Back to top button