लू लगने से चरवाहे व ट्रक चालक की मौत, परिजनों में कोहराम

हमीरपुर : दो अलग अलग स्थानों में लू लगने से एक चरवाहे व एक ट्रक चालक की मौत हो गई। इस घटना से मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया।
कुरारा थाना क्षेत्र के झलोखर गांव निवासी रामशंकर उर्फ खड़खड़िया उम्र 52 वर्ष बकरियां लेकर खेत में चराने गया था। दिन में खेत में रहने से वह लू की चपेट मे आ गया। मृतक के पुत्र दयाशंकर ने बताया कि इलाज के लिए जिला अस्पताल लेकर गए थे। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई है। मृतक खेती किसानी कर अपने परिवार का भरण पोषण करता था। इसके दो पुत्र व एक पुत्री है। अचानक हुई इस घटना से परिजनों का रोकर बुरा हाल है। क्षेत्र में बकरी पालन करने वाले चरवाहा धूप में बकरी लेकर जाते हैं। खेतों में पानी की व्यवस्था नहीं है। इस से हीट स्ट्रोक का शिकार हो रहे हैं।

वहीं बिलहड़ी गांव निवासी ट्रक चालक जयकिशोर प्रजापति (52 वर्ष) ट्रक लेकर कबरई गिट्टी लेने गया था। लू की चपेट में आने से इसकी भी मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद शव के गांव आते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक अपने पीछे पत्नी कमला के अलावा आठ बेटियों के साथ एक बेटे को रोता बिलखता छोड़ गया है। पांच बेटियों का विवाह हो चुका है। मृतक का गांव में अंतिम संस्कार किया गया। वहीं बुधवार को बांदा मार्ग में टेढ़ा गांव के समीप संचालित पेट्रोल पंप का मैनेजर टोलामाफ निवासी रमेश सिंह लू की चपेट में आकर पंप में ही बेहोश हो गया और उसकी हालत बिगड़ गई। पंप के कर्मियों ने उसे निजी वाहन से कस्बे के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर आए। जहां उपचार के बाद मैनेजर की हालत में सुधार है।

Related Articles

Back to top button