बंद दुकान के अंदर मिला राजमिस्त्री का शव, फैली सनसनी

हमीरपुर : बांदा जनपद के खप्टिहा गांव के राजमिस्त्री का शव शुक्रवार की सुबह मौदहा कोतवाली के अरतरा मार्ग में एक बंद दुकान के टट्टरनुमा कमरे के अंदर मिलने से हड़कंप मच गया। राजमिस्त्री इसी मार्ग में निर्माणाधीन सेवानिवृत्त वनाधिकारी के फार्म हाउस में काम कर रहा था। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया है। गर्मी की वजह से मरने की आशंका जताई जा रही है।

खप्टिहा गांव निवासी 45 वर्षीय छेदीलाल राजमिस्त्री था। कई दिनों से अरतरा मार्ग में निर्माणाधीन फार्म हाउस में काम कर रहा था। जानकारी के मुताबिक गुरुवार की दोपहर करीब तीन बजे के आसपास छेदीलाल जब फार्म हाउस की ओर जा रहा था, तभी गर्मी की वजह से कुछ देर आराम करने की नीयत से सड़क किनारे टट्टर लगाकर बनाई गई बंद दुकान के अंदर घुस गया और वही लेट गया। शुक्रवार की सुबह छेदीलाल को उसी टट्टर के अंदर मृतावस्था में देखा गया तो हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई।
पुलिस के अनुसार छेदीलाल अरतरा मार्ग में सेवानिवृत्त वनाधिकारी जुहूर उल्ला के फार्म हाउस में काम कर रहा था। कल दिन में यहीं आते समय उसने टट्टर के अंदर आराम करने की नीयत से शरण ली थी। संभावना जताई जा रही है कि गर्मी और लू की वजह से उसकी मौत हुई है।

Related Articles

Back to top button