ससुराल आये युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पेड़ से लटका हुआ मिला

फतेहपुर बाराबंकी। कोतवाली क्षेत्र के गांव मिठवारा में सोमवार सुबह ससुराल आए एक युवक का शव संदिग्ध दशा में पेड़ पर फंदे से लटका मिला। रात को उसका पत्नी से विवाद हुआ था। जिसके बाद वह घर छोड़ कर चला गया था। मृतक मसौली क्षेत्र का निवासी था।
मिठवारा निवासी मो0 सईद के दो पुत्र व चार पुत्रियां है। करीब डेढ़ वर्ष पूर्व उसने मंझली पुत्री आलिया की शादी सफदरगंज थाना के रामपुर निवासी जाबिर (30) वर्ष से की थी। जाबिर के पिता फारूक की मौत हो चुकी है। वह मजदूरी पर मिठाई आदि बनाने का कार्य करता था। काम न मिलने से परेशान जाबिर करीब हफ्ता भर पहले बीबी आलिया के साथ मिठवारा आ गया था।

पत्नी से हुआ था विवाद

घरेलू बात को लेकर उसकी पत्नी से आये दिन विवाद होता रहता था। बताते है कि रविवार रात विवाद इतना बढ़ा कि उसने पत्नी को तीन तलाक बोल दिया। जिसे लेकर उसकी ससुराल वालों से तीखी झड़प हुई। इसी के बाद रात करीब 11:30 बजे अपना झोला आदि लेकर वह घर से निकल गया।

घनी आबादी के बीच पेड़ पर टंगा था शव

मिठवारा में घनी आबादी के बीच बड़ी मस्जिद स्थित है। इसी के पास सईद के साढू का मकान के सामन नीम का पेड़ लगा है। सुबह तड़के इधर निकले मस्जिद जा रहे लोगों ने पेड़ पर रस्सी के सहारे शव टँगा देखा तो हड़कम्प मच गया। घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए। वहीं गांववालों ने शव की पहचान जाबिर के रूप में की।

संदिग्ध दशा में थी शव की स्थिति

शव की दशा तथा मौके के हालात मामले को संदिग्ध बना रहे थे। शव दोनों घुटनों के बल जमीन पर टिका था। गले मे पतली रस्सी कसी थी। मृतक के दाहिने हाथ पैर में ड्रेसिंग की गई पट्टी बंधी थी। हैरतअंगेज था कि उसके दाहिने घुटने के नीचे मानो संतुलन साधने के लिए दो ईंटे रखी हुई थी। गांव में घटना को लेकर तरह तरह की चर्चाएं चलती रही। घटना की सूचना पर मृतक की मां तथा मामा गयासुद्दीन गांव पहुंच गए। परिजनों ने फिलहाल पुलिस कोई तहरीर नहीं दी है। इस सम्बन्ध में कोतवाली प्रभारी डीके सिंह ने बताया कि पत्नी आलिया की सूचना पर मामला दर्ज किया गया है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button