जनता को गुमराह कर रही हिमाचल की कांग्रेस सरकार: जयराम ठाकुर

शिमला । नेता प्रतिपक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि चुनाव के समय झूठे वादों और गारंटियों से जनता को गुमराह करके सत्ता में आई कांग्रेस का असली चेहरा नौ महीनों में ही बेनकाब हो गया है। इस सरकार का न तो कोई विजन है और न ही कोई प्राथमिकता। सत्ता के मजे ले रही इस सरकार को जनता की पीड़ा का भी कोई अहसास या परवाह नहीं है।

मुख्यमंत्री सोमवार को विधानसभा के बाहर अंबेडकर चौक पर प्रदेश सरकार के खिलाफ भाजपा के धरना व प्रदर्शन के बाद एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर पूर्व मुख्यमंत्री ठाकुर ने कहा कि नौ महीने पहले सत्ता में आई कांग्रेस ने एक भी फैसला जनहित में नहीं लिया। उसने कदम-कदम पर जनविरोधी फैसले लिए। भर्ती परीक्षाओं के रिजल्ट नहीं निकाले जा रहे हैं। कोरोना के समय नियुक्त किए गए लगभग 1800 कर्मचारियों को नौकरी से हटाने के नोटिस जारी हो चुके हैं। इसी तरह पीडब्ल्यूडी और आईपीएच समेत कई अन्य विभागों और संस्थानों से हजारों आउटसोर्स कर्मचारियों को घर भेज दिया गया है। इसके चलते प्रदेश में अराजकता का माहौल है। सीमा शुल्क, टोल बैरियरों पर उठ रहे विवादों से प्रदेश के टैक्सी व ट्रक चालकों तथा औद्योगिक घरानों को आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है। बिगड़ती कानून व्यवस्था मौजूदा सरकार की एक बड़ी नाकामी है। उन्होंने कहा कि राज्य में प्राकृतिक आपदा से निपटने के लिए भी सरकार में कोई तालमेल नजर नहीं आया। मुख्यमंत्री, मंत्री और कांग्रेस नेता अलग-अलग राग अलापते रहे।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ राजीव बिंदल ने इस अवसर पर कहा कि हिमाचल में कांग्रेस की सरकार बने अभी 10 माह का समय पूरा हुआ है और अभी से जनता में इस सरकार के प्रति रोष पनपने लगा है। कांग्रेस की सरकार अब जल्द ही सत्ता से दूर होने वाली है। कांग्रेस ने सत्ता में आने से पहले किए वादे पूरे नहीं किए हैं।

कांग्रेस सरकार के मुखिया मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह पर बरसते हुए प्रदेश अध्यक्ष डॉ बिंदल ने कहा कि वह जब लाहौल स्पीति के स्पीति घाटी दौरे पर गए थे। उस दौरान सुक्खू ने स्पीति घाटी की हर महिला को 1500 रुपये देने की बात कही थी और उनके सभी विधायकों व मंत्रियों ने प्रदेश में यह शोर मचा दिया कि हमने अपनी गारंटी पूरी कर दी, लेकिन सच्चाई यह है कि प्रदेश के अन्य इलाकों में किसी भी महिला को यह राशि अभी तक नहीं मिल पाई है। कांग्रेस सरकार पर हर महिला का साढ़े 13 हजार रुपए का कर्ज भी चढ़ गया है।

Related Articles

Back to top button