मुख्यमंत्री का लंदन में प्रवासी भारतीयों ने किया पारंपरिक गीतों से स्वागत

देहरादून । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ब्रिटेन में रहने वाले प्रवासी उत्तराखंडियों का साल में एक बार अपने प्रदेश आने का आह्वान किया है। धामी उत्तराखंड में दिसंबर में आयोजित होने वाले इन्वेटर्स समिट के मद्देनजर चार दिवसीय ब्रिटेन दौरे पर सोमवार को लंदन पहुंचे। लंदन पहुंचने पर प्रवासी भारतीयों और उत्तराखंड के लोगों ने पारंपरिक परिधान में गढ़वाली, कुमाऊंनी और जौनसारी लोकगीतों से स्वागत किया।

इस मौके पर धामी ने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि होने के साथ योग और आध्यात्मिक की भूमि है। उत्तराखंड देश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक भी है। हमें गर्व है कि हमारी जड़ें उत्तराखंड से जुड़ी हैं। मुख्यमंत्री ने लंदन में रह रहे समस्त प्रवासी उत्तराखंड के लोगों का आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि यह उनका सौभाग्य है कि उत्तराखंड के मुख्य सेवक के रूप में उन्हें इन्वेटर्स समिट की बैठक के सिलसिले में शामिल होने के लिए लंदन आने का अवसर प्राप्त हुआ। आप सबकी बड़ी संख्या देखकर यह प्रतीत हो रहा है कि यूके में मिनी उत्तराखंड बसता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में दुनिया में भारत का मान, सम्मान और स्वाभिमान बढ़ा है। आज विदेशों में एक भारत श्रेष्ठ भारत की परिकल्पना को मूर्त रूप दिया जा रहा है। भारत विश्व गुरु बनने की दिशा में तेजी से बढ़ रहा है। हाल में ही चंद्रयान-3 का सफल प्रक्षेपण और चंद्रमा पर सेफ लैंडिंग इसका प्रत्यक्ष उदाहरण है।

धामी यहां प्रदेश सरकार के प्रतिनिधिमंडल के साथ पहुंचे हैं। यह प्रतिनिधिमंडल 29 सितंबर तक ब्रिटेन दौरे पर रहेगा। इस दौरान लंदन और बर्मिंघम में दुनिया के बड़े बिजनेस हाउस के प्रतिनिधियों से मुलाकात कर दिसंबर में होने वाले ग्लोबल इन्वेस्टर समिट के लिए न्योता दिया जाएगा। लंदन और बर्मिंघम में टूरिज्म, आईटी, एजूकेशन, हेल्थकेयर, फूड प्रोसेसिंग के अलावा ऑटोमोबिल इन्डस्ट्री के घरानों के साथ बैठकें की जाएंगी।

Related Articles

Back to top button