दिल्ली सरकार का बजट सत्र आज, इन मुद्दों पर रहेगा फोकस…

नई दिल्ली। दिल्ली सरकार आज यानी सोमवार को 2024 -25 के लिए बजट पेश करेगी। इस साल बजट में लोकसभा चुनाव और 11 माह बाद होने जा रहे दिल्ली विधानसभा चुनाव का असर दिख सकता है। माना जा रहा है कि सरकार इस साल भी जनता से जुड़ी परियोजनाओं पर फोकस करेगी। बता दें कि अरविंद केजरीवाल सरकार के इस कार्यकाल का यह अंतिम पूर्ण बजट है।

अगला बजट पेश होने से पहले ही फरवरी में विधानसभा चुनाव हो जायेंगे। खास बात है कि आप सरकार का यह लगातार दसवां बजट है, जिसे वित्त मंत्री आतिशी पहली बार पेश करेंगी। इस बार 80 हजार करोड़ से ऊपर का बजट रह सकता है। बजट में स्वास्थ्य, शिक्षा और परिवहन पर भी फोकस रह सकता है।

शिक्षा और स्वास्थ्य पर होगा फोकस
दिल्ली में इस साल से लेकर अलगे साल तक बड़ी संख्या में इलेक्ट्रिक बसों को सड़कों पर उतार देने की योजना है। वित्त वर्ष 2023-24 की बात करें तो उस बजट में शिक्षा पर सबसे अधिक 16,575 करोड़ रुपये और स्वास्थ्य पर 9742 करोड़ का प्रविधान किया गया था। पिछली बार परिवहन पर 9337 करोड़ तथा शहरी विकास के लिए 8239 करोड़ का प्रविधान रखा गया था।

अनधिकृत कॉलोनियों के लिए 1000 करोड़
दिल्ली सरकार के आगामी बजट में दिल्लीवासी अनधिकृत कॉलोनियों के उत्थान पर फोकस रहने वाला है। विशेष रूप से सड़क बुनियादी ढांचे को और मजबूत करने की पहल के लिए बड़े वित्तीय प्रोत्साहन की उम्मीद है। वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए दिल्ली सरकार करीब 1000 करोड़ रुपये के बजटीय पैकेज का ऐलान कर सकती है।

अनधिकृत कॉलोनियों के सड़क नेटवर्क को मजबूत करने के साथ-साथ जल आपूर्ति पाइपलाइनों और सीवर नेटवर्क को बढ़ाना भी सरकार की 2024-25 की योजना में प्राथमिकता वाला योजनाओं में शामिल है। वर्तमान में दिल्ली में लगभग 1800 अनधिकृत कॉलोनियां हैं, जिनमें शहर की 30 प्रतिशत आबादी रहती है। वहीं ग्रामीण इलाकों के विकास के लिए भी नौ सौ करोड मिल सकते हैं।

बिजली-पानी में रहेगी छूट
बजट में दिल्ली में बिजली-पानी में छूट, बसों में महिलाओं काे मुफ्त यात्रा समेत कई पुरानी योजनाओं को जारी रखने के लिए राशि का प्रविधान रजर आएगा। यमुना नदी को साफ करने के साथ साथ कूडे के तीनों पहाड़ हटा दिए जाने का भी जिक्र आ सकता है। पर्यावरण को भी बजट में प्राथमिकता मिलेगी। दिल्ली में प्रदूषण एक बड़ा मुद्दा है। प्रदूषण कम करने के लिए योजनाएं बजट में दिख सकती हैं।

ढांचागत विकास पर रहेगा जोर
सरकार के लिए शहर में ढांचागत विकास भी प्राथमिकता में ही शामिल है। दिल्ली में सड़क फ्लाईओवर, स्कूल, कॉलेज, अस्पताल से लेकर अन्य कार्य चल रहे हैं। कई परियोजनाओं को जमीन पर उतारा जाना है। पहली से चल रहीं परियोजनाओं को आगे बढ़ाया जाना है। इसके लिए बजट की जरूरत है।

Related Articles

Back to top button