अयोध्या में राम मंदिर का भव्य नज़ारा, लाइव प्रसारण की तैयारी, सिनेमाघरों से लेकर तमाम संस्थाओं ने की व्यवस्था।

नई दिल्ली। अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर देशभर में धूम है, सभी का इंतजार आज खत्म होने जा रहा है। पूरा देश राममय हो चुका है। अयोध्या तो प्रभु राम के लिए सज ही चुकी है, देश के अन्य स्थानों पर चहुंओर राम नाम की धूम है। लोगों ने घरों को दीपोत्सव जैसा सजा दिया है। मंदिरों व घरों में अनुष्ठान और भंडारे हो रहे हैं।

कई राज्यों में प्रतिष्ठित संस्थान, सिनेमाघर, होटल, रेस्तरां, जिला जेल, सरकारी व निजी स्कूल, पंचायत, सामुदायिक भवन, पार्क, रिहायशी सोसाइटियां प्राण प्रतिष्ठा समारोह का लाइव प्रसारण करेंगी, ताकि अधिकाधिक लोग इस ऐतिहासिक अवसर के साक्षी बन सकें।

राधा-कृष्ण भी सियाराम के रूप में नजर आएंगे
मथुरा में श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर ठाकुर केशवदेव राम बनकर दर्शन देंगे तो भागवत भवन में राधा-कृष्ण भी सियाराम के रूप में नजर आएंगे। मंदिर सेवायत आचार्य गोपी गोस्वामी ने बताया, ठाकुर बांकेबिहारी पुरुषोत्तम प्रभु श्रीराम के भेष में सिर पर स्वर्ण मुकुट, रत्न जड़ित स्वर्ण रजत आभूषण धारण करके हाथ में चांदी का धनुष लिए भक्तों को दर्शन देंगे।

ठाकुर राधावल्लभ लाल, ठाकुर राधासनेह बिहारी, राधादामोदर भी प्रभु श्रीराम के रूप में दर्शन देंगे। यहां पहली बार भागवत भवन में विराजे श्रीराधाकृष्ण युगल सरकार की छवि सियाराम के रूप में दर्शन देगी। जन्मस्थान के मंदिरों के भीतरी भाग को पत्र, पुष्प से सजाया जाएगा। भागवत भवन के चारों ओर केसरिया ध्वजा व भगवान श्रीराम की दिव्य छवि छवि लगाई जाएगी। ठाकुर केशव देव भी राम के रूप में दर्शन देंगे।

सज गई बुंदेलखंड की अयोध्या
बुंदेलखंड की अयोध्या ओरछा नगरी भी सज संवरकर तैयार हो गई है, जहां विराजित श्रीरामराजा सरकार का विशेष पूजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव के साथ ही पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी शामिल होंगे। कार्यक्रम को लेकर नगर सहित आसपास के लोगों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। विशेष पूजन के अलावा बेतवा नदी के कंचना घाट पर एक लाख दीप जलाए जाएंगे और बेतवा जी की आरती होगी। प्रशासन ने इसको लेकर तैयारियां पूरी कर ली हैं।

हिमाचल में कई जगह सीधा प्रसारण दिखाया जाएगा
हिमाचल प्रदेश में समारोह का कई जगह सीधा प्रसारण दिखाया जाएगा। जगह-जगह मंदिरों में भजन-कीर्तन, हवन व भंडारों का आयोजन होगा। मंडी में 5000 दीप जलाए जाएंगे। हमीरपुर के नरेली स्थित मंदिर में 11 हजार दीपक जलाए जाएंगे। लोगों ने दीपावली की तरह घर सजाए हैं। भगवान रघुनाथ जी की नगरी कुल्लू में सोमवार को पांच लाख दीप जलाए जाएंगे। कुल्लू में 459 स्थानों पर कार्यक्रम होंगे। 15 जगह सुंदरकांड का पाठ होगा। मंदिर को रंग-बिरंगी रोशन से सजाया गया है।

पंजाब में भी उल्लास कम नहीं
श्री रामलला की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर पंजाब में भी उल्लास कम नहीं है। न सिर्फ मंदिर और अन्य धार्मिक स्थल सज गए, बल्कि रामभक्तों के घर भी रोशनियों से जगमगा रहे हैं। ‘मेरी झोपड़ी के भाग जाग जाएंगे’ जैसा भाव हर रामभक्त के दिल में है। इस अवसर पर राज्य के 3,400 से अधिक मंदिरों में जहां विविध धार्मिक कार्यक्रम होंगे, प्राण प्रतिष्ठा समारोह का सीधा प्रसारण दिखाने के लिए 1,500 से अधिक एलईडी व एलसीडी स्क्रीन लगाई जाएंगी।

प्रसाद के रूप में 3,500 क्वि‍टल से अधिक लड्डुओं का वितरण होगा और 2,500 से अधिक भंडारे भी लगेंगे। वहीं, हरियाणा में 15 हजार मंदिरों में लाइव प्रसारण होगा। सभी व्यवस्थाएं संबंधित मंदिरों की प्रबंध कमेटियों ने अपने-अपने स्तर पर की है।

छत्तीसगढ़ में में जगह-जगह राम कथा का आयोजन
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में जगह-जगह राम कथा का आयोजन किया गया है। देवालयों में विशेष प्रकाश व्यवस्था की गई है। वीआइपी रोड स्थित राम मंदिर में विशेष महाआरती के साथ हजारों की संख्या में दीए जलाए जाएंगे। कोटा स्थित हनुमान कथा (बागेश्वर धाम) कार्यक्रम स्थल में शाम छह बजे 11 लाख दीपों के साथ भगवान राम की महाआरती होगी।

भगवान राम के ननिहाल चंदखुरी में मानस गान समेत महाआरती का आयोजन है। जगदलपुर में ढाई लाख दीए प्रज्जवलित किए जाने की तैयारी है। कई नगरों समेत राज्य के गांव-गांव में मानस मंडलियां मानस का पाठ कर रही हैं।

उत्तराखंड के महादेव मंदिर में 21 हजार दीप प्रज्वलित होंगे
देवभूमि उत्तराखंड में विभिन्न स्थानों पर अयोध्या में होने वाले समारोह का सजीव प्रसारण दिखाने की व्यवस्था है। देहरादून में टपकेश्वर स्थित महादेव मंदिर में 21 हजार दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। देहरादून के परेड मैदान और हरिद्वार स्थित हर की पैड़ी में मां गंगा के तट को भी दीयों से रोशन किया जाएगा। शीतकालीन गद्दीस्थलों में भी दीपोत्सव का आयोजन किया जाएगा। नैनीताल के नयनादेवी मंदिर में भजन-कीर्तन होंगे। पिथौरागढ़ के रामलीला मैदान में 5001 दीप जलेंगे। चंपावत जिले के शारदा घाट में गंगा आरती व दीपोत्सव का भव्य आयोजन होगा।

राजस्थान में शोभायात्रा निकाली जाएगी
जयपुर के रामनिवास बाग में स्थित अल्बर्ट हाल पर राम मंदिर का छोटा स्वरूप बनाया गया है। भगवान श्रीराम की शोभायात्रा निकाली जाएगी और हेलीकाप्टर से पुष्प वर्षा होगी। बांसवाड़ा में भी शोभयात्रा निकाली जाएगी। जैसलमेर में तनोट माता के मंदिर में सोमवार को अखंड पाठ की पूर्णाहुति होगी। दौसा जिले के मेंहदीपुर बालाजी में रविवार को धार्मिक कार्यक्रमों का अयोजन शुरू हुआ। जोधपुर में 630 स्थानों पर एलईडी स्क्रीन लगाकर प्राण प्रतिष्ठा का सीधा प्रसारण लोगों को दिखाया जाएगा। यहां प्राचीन शिव मंदिर में रविवार को मुस्लिम समाज के लोगों ने सफाई कार्य किया।

बंगाल में 500 लीटर तेल वाला दीया जलाया जाएगा
22 जनवरी को कोलकाता के पानीहाटी में लगभग 200 किलोग्राम वजन और 500 लीटर तेल वाला एक विशाल मिट्टी का दीया जलाया जाएगा। यह 14 फीट लंबा और 4.5 फीट चौड़ा है। कोलकाता सहित राज्यभर के मंदिरों में भव्य तैयारी है। राम-सीता के साथ अन्य मंदिरों को भी सजाया गया है।

बिहार के मंदिरों व घरों में दीपोत्सव
बिहार के मंदिरों व घरों में दीपोत्सव के साथ लाइव प्रसारण की व्यवस्था भी की गई है। माता सीता की प्राकट्य स्थली सीतामढ़ी के पुनौराधाम व जानकी मंदिर में भव्य आयोजन होगा। पूरे जिले में करीब 10 लाख राम ज्योति जलेगी। वहीं, नेपाल के जनकपुरधाम में भव्य रूप से सजावट की गई है। यहां सवा लाख दीप जलेंगे।

झारखंड में भी होगा सीधा प्रसारण
रांची के श्रीराम-जानकी मंदिर, पहाड़ी मंदिर, जमशेदपुर के लक्ष्मीनारायण बिरला मंदिर, बोकारो के चास में स्थित हनुमान मंदिर तथा दुमका के शिवपहाड़ मंदिर समेत अन्य मंदिरों में एलईडी और प्रोजेक्टर के माध्यम से प्राण प्रतिष्ठा समारोह के सजीव प्रसारण की व्यवस्था की गई है।

Related Articles

Back to top button