दस महिला प्रधानों ने किया संसद का सफर, लोकसभा अध्यक्ष ने किया संबोधित

हमीरपुर : संसद भवन में आयोजित पंचायत से संसद तक का सफर कार्यक्रम में पांच जनवरी को एक दिवसीय संवैधानिक प्रावधानों की समझ व संसदीय प्रक्रिया विषयक कार्यक्रम में जनपद की दस महिला पंचायत प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम को लोकसभा अध्यक्ष के अलावा अन्य सांसदों ने भी संबोधित किया।
देश की संसद भवन में राष्ट्रीय महिला आयोग द्वारा आयोजित पंचायत से संसद तक का सफर कार्यक्रम में प्रदेश के हमीरपुर, वाराणसी, अयोध्या, गोरखपुर, गोंडा, बागपत, बाराबंकी आदि जनपदों की 100 महिला पंचायत प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया। इस कार्यक्रम में जनपद के जिला प्रशिक्षण अधिकारी विपिन कुमार के नेतृत्व में कुंडौरा की प्रधान सविता देवी, बदनपुर की साधना साहू, पौथिया की वंदना सचान, चन्दपुरवा बुजुर्ग की मंदालसा पाल, परछछ की अंशिका गौतम, भवानी की लीला देवी, क्षेत्र पंचायत सदस्य गुड्डो देवी, मौदहा नगर पालिका की सभासद दुर्गा देवी, सावित्री, शांति देवी ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने संबोधित करते हुए कहा कि महिलाओं का सामाजिक, आर्थिक एवं राजनीतिक सशक्तीकरण होना जरूरी है। इसी उद्देश्य से देश के 21 राज्यों की महिला पंचायत प्रतिनिधियों को देश की संसद तक का सफर कराकर जागरूक किया गया।

Related Articles

Back to top button