सुशील मोदी का निधन, पटना में होगा अंतिम संस्कार

पटना। बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री सुशील मोदी के निधन की सूचना मिलते ही देश भर में सोमवार की देर शाम शोक की लहर दौड़ गई। पक्ष और विपक्ष के लगभग सभी नेताओं ने शोक प्रकट किया। उन्होंने लिखा उनका निधन बिहार भाजपा के लिए अपूरणीय क्षति है।

बता दें कि सुशील मोदी का अंतिम संस्कार पटना में होगा। दिल्ली से उनके पार्थिव शरीर को विशेष विमान से पटना लाया गया है। सुशील मोदी के पार्थिव शरीर को एयरपोर्ट से उनके आवास ले जाया जाएगा, जहां लोग श्रद्धा सुमन अर्पित करेंगे।

सुशील मोदी के अंतिम संस्कार से जुड़े ताजा अपडेट
ताजा जानकारी के अनुसार, सुशील मोदी का पार्थिव शरीर पटना एयरपोर्ट पर पहुंच गया है। बता दें कि सुशील मोदी के पार्थिव देह को दोपहर 12 बजे पटना एयरपोर्ट पर लाया जाना था।

परंतु इसमें करीब डेढ़ घंटे की देरी हुई है। ऐसे में अंतिम संस्कार के लिए पूर्व में तय किए गए समय से अधिक वक्त लग सकता है। प्रदेश भाजपा ने आज के अपने सभी कार्यक्रमों को रद्द कर दिया है।

सुशील मोदी की अंतिम यात्रा राजेंद्र नगर आवास से संघ कार्यालय विजय निकेतन दिनकर चौराहा- नाला रोड, भट्टाचार्य मोड़, एक्जीबिशन रोड चौराहा, डाकबंगला चौराहा, कोतवाली थाना, इस्कॉन मंदिर, बुद्ध मार्ग पुल होते हुए सप्तमूर्ति पहुंचेगी, बिहार विधान सभा में उन्हें श्रद्धांजलि दी जाएगी। इसके बाद वहां से भाजपा प्रदेश कार्यालय में उनको श्रद्धांजलि दी जाएगी।

भाजपा प्रदेश कार्यालय से आयकर गोलंबर, पुनाईचक, विश्वेश्वरैया भवन से अटल पथ होते हुए दीघा घाट सुशील मोदी की अंतिम यात्रा पहुंचेगी। यहां पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार होगा।

एयरपोर्ट पर ये नेता मौजूद
बता दें कि एयरपोर्ट पर सुशील मोदी का पार्थिव शरीर लाए जाने को लेकर भारतीय जनता पार्टी के कई नेता हवाई अड्डे पर पहुंचे हुए हैं।

इनमें उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उप मुख्यमंत्री विजय सिन्हा, पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन, पद्मश्री विमल जैन के अलावा कई भाजपा विधायक और प्रदेश पदाधिकारी, कार्यकर्ता भी मौजूद हैं।

सुशील मोदी की अंतिम यात्रा के लिए तैयार किया गया वाहन।

अंतिम यात्रा का यह था कार्यक्रम
अपराह्न 12.00 बजे : पटना एयरपोर्ट (स्टेट हैंगर )
अपराह्न 01.00 बजे : राजेन्द्रनगर आवास
अपराह्न 03.00 बजे : विजय निकेतन संघ कार्यालय
अपराह्न 04.00 बजे : विधान सभा एवं विधान परिषद
अपराह्न 04.30 बजे : भाजपा प्रदेश कार्यालय
शाम 06.00 बजे : दीघा घाट (अंतिम संस्कार)

सुशील मोदी नहीं कर सकेंगे देहदान
इस बीच, यह भी खबर सामने आ रही है कि दधिचि देहदान समिति और मां वैष्णो देवी सेवा समिति के संरक्षक रहे सुशील कुमार मोदी अपना देहदान नहीं कर सकेंगे। कैंसर के कारण मेडिकल छात्रों की पढ़ाई या मरीजों के लिए उनके अंग नहीं लिए जा सकेंगे।

बताते चलें कि प्रदेश में अंगदान व देहदान को बढ़ावा देने के लिए सुशील मोदी ने अथक प्रयास किये थे, उप मुख्यमंत्री के रूप में उनके शपथ लेने के बाद उनकी सक्रियता से नेत्रदान देहदान बढ़ा था। इस क्रम में उन्होंने अपने शरीर को भी दान करने का संकल्प लिया था।

क्या बोले रविशंकर प्रसाद
सुशील कुमार मोदी के निधन पर पटना साहिब लोकसभा सीट से बीजेपी उम्मीदवार रविशंकर प्रसाद ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि यह हमारे लिए बहुत दुखद है। वह मेरे लिए बड़े भाई की तरह थे।

उन्होंने कहा कि वह लालू प्रसाद यादव के भ्रष्टाचार के खिलाफ खड़े हुए थे। उन्होंने बिहार भाजपा को आगे बढ़ाने में बड़ी भूमिका निभाई। मैं उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। यह एक अपूरणीय क्षति है।’

Related Articles

Back to top button