सपा-बसपा को बड़ा झटका, अभय के पिता व पत्नी एवं करुणाकर ने ली भाजपा की सदस्यता

अयोध्या। लोकसभा चुनाव के बीच सपा-बसपा को बड़ा झटका लगा। गोसाईंगंज से सपा विधायक अभय सिंह के पिता भगवानबख्श सिंह व पत्नी सरिता सिंह ने भाजपा का दामन थाम लिया। बसपा नेता करुणाकर पांडेय ने भी भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली। सभी को लखनऊ स्थित भाजपा कार्यालय पर उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने संगठन की सदस्यता दिलाई।

अभय सिंह के पिता व पत्नी के साथ बड़ी संख्या में उनके समर्थक सपा नेता भी भाजपा में सम्मिलित हो गए। भूमि विकास बैंक के पूर्व चेयरमैन संजय सिंह, पूराबाजार के पूर्व ब्लाक प्रमुख धर्मराज, जिला पंचायत सदस्य राजमणि यादव, पूर्व जिला पंचायत सदस्य शंभूनाथ सिंह दीपू व पूर्व ज्येष्ठ ब्लाक प्रमुख रमाकांत यादव ने भी भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली।

करुणाकर पांडेय का भाजपा में जाना बसपा को बड़ा झटका
अभय सिंह की पत्नी सरिता सिंह भी बीकापुर से विधानसभा चुनाव लड़ा था। बसपा में अयोध्या मंडल में बड़े ब्राह्मण चेहरे के रूप में स्थापित करुणाकर पांडेय दो बार जिला पंचायत सदस्य रहे हैं। बसपा में अयोध्या, लखनऊ, देवीपाटन व वाराणसी आदि मंडलों के कोआर्डिनेटर रहे करुणाकर पांडेय का भाजपा में जाना बीएसपी के लिए बड़ा झटका है।

वह बस्ती, गोरखपुर, आजमगढ़, जौनपुर, मिर्जापुर, सोनभद्र, वाराणसी, बलिया, मऊ, गाजीपुर, देवरिया, लखनऊ, कानपुर, आगरा में बसपा की सोशल इंजीनियरिंग की प्रमुख सूत्रधार रहे। उनकी गिनती बसपा के शीर्ष नेताओं में सम्मिलित सतीश मिश्र के करीबियों में थी।

गत विधानसभा चुनाव में बसपा प्रमुख मायावती ने ब्राह्मण सम्मेलन का संकल्प लिया तो करुणाकर ने पहला कार्यक्रम अयोध्या में कराकर सुर्खियां बटोरीं थीं। करुणाकर का कहना है कि लोकसभा चुनाव में पूरे मंडल में भाजपा उम्मीदवार की विजय सुनिश्चित कराने में भूमिका निभाई जाएगी। संगठन जो दायित्व देगा, उसका निर्वहन किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button