लूट के इरादे से घर में घुसे बदमाशों ने बुजुर्ग भाई बहन का गला घोंटकर की हत्या

हमीरपुर : थानाक्षेत्र बिवांर के ग्राम पारा में बुधवार की रात लूट के इरादे से घर में घुसे बदमाशों ने विरोध करने पर वृद्ध भाई-बहन की गला घोंटकर हत्या कर दी। गुरुवार को काफी देर तक घर से किसी के बाहर न निकलने से आशंकित हुए पड़ोसियों ने जब अंदर देखा तो आंगन में भाई-बहन के शव देख हड़कंप मच गया। मौके पर भारी पुलिस फोर्स पहुंच गया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। एसपी डा.दीक्षा शर्मा ने घटना स्थल का निरीक्षण किया। वहीं डाग स्क्वायड व फारेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची हैं।
पारा गांव निवासी 70 वर्षीय कृष्णदत्त सोनी अपनी 62 वर्षीय तलाकशुदा बहन केशकली के साथ रहते हैं। खेतीपाती से ही दोनों का जीवन यापन हो रहा था। कृष्णदत्त की शादी नहीं हुई थी। बुधवार की शाम तक ग्रामाीणों ने दोनों भाई-बहन को सही-सलामत देखा था। आशंका जताई गई है कि देर रात लूट के इरादे से घर में घुसे बदमाशों ने कृष्णदत्त और केशकली की विरोध करने गला घोंटकर हत्या कर दी। दोनों के मुंह में कपड़ा भी ठूंसा गया था और गले में रस्सी से कसने के निशान भी मिले हैं। घर का सामान भी चारों तरफ बिखरा था। आशंका जताई गई है कि बदमाश लाखों का माल भी लूटकर ले गए हैं। वृद्ध भाई-बहन की हत्या की खबर से गांव में हड़कंप मच गया। घटना स्थल पर ग्रामीणों का जमघट लग गया। मौके पर सीओ मौदहा श्रेयस त्रिपाठी, बिवांर इंसपेक्टर राकेश सरोज सहित भारी पुलिस फोर्स पहुंच गई। डाग स्क्वायड के साथ ही फॉरेंसिक टीम ने घटना स्थल की जांच-पड़ताल की है। पुलिस अधीक्षक डा.दीक्षा शर्मा ने भी घटना स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि शवों में कोई चोटों के निशान नहीं मिले हैं। टीमें गठित कर दी गई हैं। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा। वहीं देरशाम डीआइजी अजय कुमार सिंह के भी पहुंचने की सूचना है।

Related Articles

Back to top button