राजनाथ को भूमाफिया कहने वाले एसडीएम पर हो कार्रवाई: अजय सिंह

समाजसेवी राजनाथ शर्मा के समर्थन में उतरा लोकतंत्र सेनानी कल्याण परिषद

बाराबंकी। लोकतंत्र सेनानी कल्याण परिषद के तत्वावधान में रविवार को एक बैठक आयोजित कर लोकतंत्र सेनानी राजनाथ शर्मा पर अशोभनीय टिप्पणी करने वाले सदर एसडीएम विजय कुमार त्रिवेदी के विरुद्ध निंदा प्रस्ताव पास किया गया। बैठक की अध्यक्षता कर रहे लोकतंत्र सेनानी कल्याण परिषद के जिला संयोजक अजय सिंह गुरूजी ने कहा कि लोकतंत्र सेनानियों के योगदान को देश कभी नहीं भूलेगा। जब देश में आपातकाल लगा था तब गैर कांग्रेसियों ने मिलकर कांग्रेस के खिलाफ जन आन्दोलन खड़ा किया। राजनाथ शर्मा उस आन्दोलन के सतत सेनानी रहे। जिनका पूरा जीवन देश व समाज को समर्पित रहा है। ऐसे कर्मयोगी सामाजिक कार्यकर्ता को एसडीएम द्वारा न्यायालय की पीठ पर भूमाफिया जैसे अपशब्द से सम्बोधित करना उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा को धूमिल करना है। जिसकी लोकतंत्र सेनानी परिषद निंदा करता है। अजय सिंह ने आगे कहा कि स्वस्थ समाज के निर्माण में राजनाथ शर्मा का बहुत बड़ा योगदान रहा है। उन्होंने हमेशा सर्व समाज की बात की हैं तथा इस दिशा में अनगिनत कार्यक्रम करते रहे हैं। गांधी दर्शन के प्रचार प्रसार में उनका उल्लेखनीय योगदान रहा है। उनके प्रति एसडीएम द्वारा की गई अपमानजनक टिप्पणी निंदनीय है। बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से एसडीएम के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग की गई। इस घटनाक्रम के बाद पूरे प्रदेश के लोकतंत्र सेनानी आक्रोशित है। इस मौके पर प्रमुख रूप से अनिल त्रिपाठी, सुशील चंद वर्मा, धीरेन्द्र नाथ श्रीवास्तव, सुरेश चंद दहेजिया, हरिराम सिंह यादव आदि कई लोकतंत्र सेनानी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button