मैनपुरी सीट पर 1996 से सपा का कब्जा

मैनपुरी। सपा का गढ़ कही जाने वाली मैनपुरी लोकसभा सीट पर इस बार विजय पाने के लिए भाजपा पूरी ताकत से जुटी हुई है। प्रत्याशी और पार्टी के वरिष्ठ नेता लगातार जन संपर्क कर लोगों को भाजपा सरकार की उपलब्धियां गिना रहे हैं। जैसे-जैसे मतदान का समय नजदीक आता जा रहा है तो वैसे-वैसे यहां दिग्गजों का दौरा भी शुरू होने वाला है।

प्रदेश के मुख्यमंत्री लोकसभा क्षेत्र में दो सभाएं कर भाजपा प्रत्याशी के लिए माहौल बनाएंगे। मुख्यमंत्री इस लोकसभा क्षेत्र में सपा की सबसे मजबूत विधानसभा जसवंतनगर में 25 को तो मैनपुरी नगर के क्रिश्चियन मैदान में चार मई को जनसभा करेंगे। उनके कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए भाजपा तेजी से तैयारी में जुटी है।

सपा के गढ़ में दो जनसभाएं कर मथेंगे सीएम योगी, डिंपल के खिलाफ इस तारीख को करेंगे जनसभा

मैनपुरी सीट पर 1996 से सपा का कब्जा
मैनपुरी लोकसभा सीट पर वर्ष 1996 से समाजवादी पार्टी का वर्चस्व कायम है। 2014 और 2019 के आम चुनाव में मोदी लहर के बावजूद भी सपा का किला ध्वस्त नहीं हो सका। सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव के निधन के बाद 2022 में हुए उपचुनाव में भी सपा सपा प्रमुख अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव ने लगभग ढाई लाख से अधिक वोटों से ये सीट जीती थी। जबकि उस समय भाजपा ने मुलायम सिंह और शिवपाल सिंह यादव के करीबी रहे पूर्व सांसद रघुराज सिंह शाक्य को टिकट दिया था, लेकिन वह भी इस दुर्ग को भेद नहीं पाए। इस बार भाजपा सपा के इस किले को भेदने के लिए पूरी ताकत से जुटी हुई है।

सपा ने यहां फिर से डिंपल यादव को मैदान में उतारा है तो वहीं भाजपा ने मैनपुरी सदर से विधायक और पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह पर दांव लगाया है। यादव बेल्ट में मतदाताओं को साधने के लिए भाजपा के यादव समाज के बड़े नेता भी लगे हुए हैं। वहीं अब प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सपा की सबसे मजबूत विधानसभा जसवंतनगर में माहौल बनाने के लिए आने वाले हैं।

वह यहां रामलीला मैदान में 25 अप्रैल को बड़ी जनसभा को दोपहर एक बजे के करीब संबोधित करेंगे। इसके बाद चार मई को मैनपुरी नगर के क्रिश्चियन मैदान में भी जनसभा कर भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करने की अपील करेंगे। मुख्यमंत्री की जनसभा को सफल बनाने के लिए भाजपा के पदाधिकारी तेजी से जुटे हुए हैं।

Related Articles

Back to top button