सौरभ ने सुनीता केजरीवाल को पार्टी को एकजुट रखने के लिए बताया सबसे सक्षम

नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी के नेता सौरभ भारद्वाज ने कहा है कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता वर्तमान परिस्थितियों में पार्टी को एकजुट रखने में सबसे सक्षम हैं। उनकी मौजूदगी का कार्यकर्ताओं पर सकारात्मक प्रभाव पड़ा है।

दिल्ली सरकार में कैबिनेट मंत्री सौरभ ने कहा कि सुनीता केजरीवाल ने हमेशा कहा है कि वह दिल्ली के मुख्यमंत्री की मैसेंजर (दूत) हैं।

ईडी ने दिल्ली आबकारी नीति घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार किया था। वह इस समय न्यायिक हिरासत में तिहाड़ जेल में हैं।

भारद्वाज ने कहा, वर्तमान परिस्थितियों में सुनीता केजरीवाल पार्टी को एकजुट रखने के लिए सबसे उपयुक्त हैं। सुनीता ने अब तक तीन डिजिटल ब्रीफिंग को संबोधित किया है, जिसमें ईडी हिरासत और तिहाड़ जेल से दिए मुख्यमंत्री के संदेश पढ़े थे।

सुनीता ने 31 मार्च को रामलीला मैदान में हुई विपक्षी गठबंधन आईएनडीआईए की महारैली में अरविंद केजरीवाल का संदेश पढ़ा था। महारैली में अरविंद केजरीवाल की पत्नी के पहुंचने से पार्टी कैडर के साथ भावनात्मक जुड़ाव हुआ।

यह पूछे जाने पर कि क्या सुनीता लोकसभा चुनाव में पार्टी के लिए प्रचार करेंगी, उन्होंने कहा, अगर ऐसा होता है तो हमें अच्छा लगेगा। लेकिन यह उनका निजी फैसला है।

Related Articles

Back to top button