सपा- कांग्रेस ने मुस्लिम समाज को दी नफरत भाजपा ने दिया प्यार: ओमप्रकाश राजभर

खरखौदा। शुक्रवार को सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर फफूंडा स्थित किंग पैलेस में पार्टी के राष्ट्रीय सचिव जुबेर की बहन की शादी में शिरकत करने पहुंचे। यहां उन्होंने सपा और कांग्रेस पर जमकर प्रहार किया। भाजपा की उपलब्धि बताकर केन्द्र में पूर्ण बहुमत से भाजपा की सरकार बनने का दावा किया।

ओम प्रकाश ने दैनिक जागरण से बातचीत करते हुए कहा कि सपा और कांग्रेस की सरकार में आय दिन दंगे होते थे। दोनों सरकारों में मुस्लिम समाज के बच्चों का भविष्य अधर में लटक गया था। सात वर्ष के अंदर भाजपा की सरकार में प्रदेश में एक भी दंगा नहीं हुआ है। सपा और कांग्रेस ने मुस्लिम समाज को कब्रिस्तान और नफरत के अलावा कुछ नहीं दिया।

भाजपा सरकार में तेजी से हुआ विकास

ओपी राजभर ने कहा कि भाजपा सरकार में मुस्लिम समाज के लोगों को विकास तेजी से हुआ है। मुस्लिम समाज के युवा पढ़ाई करके डाक्टर और इंजिनियर बन रहे है। अन्य पिछड़ा वर्ग के बारे में कहा कि पूर्व की सरकारों ने पिछड़े वर्ग के हक को लूटा है। फिर पिछड़े वर्ग की वोट की विपक्ष चिंता छोड़ दे। पिछड़ा वर्ग भाजपा का वोटर बन चुका है।

ओपी राजभर ने कहा कि प्रदेश में लोकसभा चुनाव में 80 सीटें जीतकर केन्द्र में भाजपा सरकार बनने का दावा किया। विपक्षी गठबंधन पर प्रहार करते हुए कहा कि आइएनडीआइए की हवा बिहार के मुख्यमंत्री नितिश कुमार ने निकाल दी। रालोद अध्यक्ष जयन्त चौधरी के एनडीए में शामिल होने पर पश्चिम में भारी बहुमत मिलने की बात कही।

Related Articles

Back to top button